Atmanand School Recruitment 2025: आत्मानंद स्कूल में 11 टीचर्स की भर्ती, इस जिले में जल्द होगी नियुक्ति

Atmanand School Recruitment 2025

Atmanand School Recruitment 2025

Atmanand School Recruitment 2025: छत्तीसगढ़ सरकार ने युवाओं को रोजगार देने के अपने वादे की दिशा में एक और कदम बढ़ाया है। कोरबा जिले के स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, पसान (वि.खं. पोड़ी उपरोड़ा) में शिक्षकों की भारी कमी को पूरा करने के लिए अब नई भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है। जिला शिक्षा अधिकारी ने जानकारी दी कि जल्द ही यहां 11 रिक्त पदों पर अतिथि/मानदेय शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी।

स्थानीय स्तर से होगी भर्ती

जिला शिक्षा अधिकारी टी.पी. उपाध्याय ने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। इस संबंध में संबंधित प्राचार्य को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय स्तर से योग्य उम्मीदवारों का चयन कर भर्ती प्रक्रिया को पूरा करें।

छात्रों ने किया था विरोध प्रदर्शन

गौरतलब है कि शिक्षकों की कमी को लेकर विद्यालय के छात्रों ने हाल ही में पसान क्षेत्र में चक्काजाम कर प्रदर्शन किया था। छात्रों का कहना था कि अध्यापकों के अभाव में उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी पोड़ी उपरोड़ा को तत्काल जांच के लिए मौके पर भेजा।

त्यागपत्र देने से रिक्त हुए पद

स्कूल में रिक्त 11 पद दरअसल उन शिक्षकों के इस्तीफे से खाली हुए हैं, जिन्हें 2 वर्ष पूर्व जिला स्तर पर संविदा आधार पर नियुक्त किया गया था। समय के साथ ये शिक्षक अन्य स्थानों पर नौकरी मिलने के कारण एक-एक कर इस्तीफा देते गए, जिससे विद्यालय में पद खाली हो गए।

जल्द पूरी होगी भर्ती प्रक्रिया

अधिकारियों का कहना है कि छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए जल्दी ही योग्य शिक्षकों की भर्ती पूरी कर दी जाएगी। नियुक्ति पूरी होने के बाद विद्यालय में कक्षाओं का संचालन सामान्य रूप से हो सकेगा।

Youthwings