Asia Cup 2025: मैदान पर नहीं उतरेंगे ये स्टार्स, जानिए क्यों बेंच पर रह सकते हैं 5 खिलाड़ी
Asia Cup 2025
नई दिल्ली। Asia Cup 2025 का आगाज 9 सितंबर से यूएई में होने जा रहा है। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, ओमान, हॉन्गकॉन्ग और मेजबान यूएई की टीमें खिताब के लिए भिड़ने को तैयार हैं। इस बार टूर्नामेंट टी20 फॉर्मेट में खेला जाएगा। हालांकि, मैदान पर सिर्फ 11 खिलाड़ी खेलते हैं, लेकिन कई खिलाड़ी पूरे टूर्नामेंट में डगआउट में ही बैठे रह जाते हैं। इस बार भी कुछ ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्हें मैदान पर उतारना मुश्किल दिखता है।
1. नुरुल हसन – बांग्लादेश
बांग्लादेश के अनुभवी विकेटकीपर नुरुल हसन टीम में शामिल तो हैं, लेकिन कप्तान लिटन दास पहले से ही विकेटकीपिंग संभालते हैं। 2022 के बाद से हसन ने बांग्लादेश के लिए सिर्फ एक टी20 मैच खेला है। ऐसे में उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल करना मुश्किल दिखता है।
2. हसन अली – पाकिस्तान
पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हसन अली की टीम में वापसी ने सबको चौंकाया। उनका टी20 रिकॉर्ड खास नहीं है और उनकी इकॉनॉमी 9 से अधिक है। शाहीन अफरीदी, नसीम शाह और हारिस रऊफ जैसे मुख्य गेंदबाजों की मौजूदगी में हसन का खेलने का मौका बहुत कम है।
3. हर्षित राणा – भारत
भारतीय टीम में तेज गेंदबाजों की भरमार है। जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह पहले से ही मुख्य विकल्प हैं। हार्दिक पंड्या और शिवम दुबे भी अतिरिक्त गेंदबाजी करते हैं। ऐसे में युवा हर्षित राणा को मौके मिलना लगभग नामुमकिन है। अब तक उन्होंने सिर्फ एक टी20 इंटरनेशनल खेला है, वह भी सब्स्टीट्यूट के तौर पर।
4. दरवेश रसूली – अफगानिस्तान
अफगानिस्तान के बल्लेबाज दरवेश रसूली इंटरनेशनल टी20 में अपनी छाप छोड़ने में असफल रहे हैं। 12 मैचों में केवल 149 रन और औसत 15 तथा स्ट्राइक रेट 112 उनके लिए चिंता का विषय है। टीम मैनेजमेंट उन पर दांव लगाने से बच सकता है।
5. चमिका करुणारत्ने – श्रीलंका
श्रीलंका के ऑलराउंडर चमिका करुणारत्ने का हालिया प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। उन्होंने पिछले दो साल में केवल दो टी20 मैच खेले और कोई विकेट नहीं लिया। टीम के पास बेहतर गेंदबाज विकल्प मौजूद हैं, इसलिए उनका खेलना मुश्किल लगता है।
इन पांच खिलाड़ियों के लिए इस एशिया कप में मैदान पर उतरना चुनौतीपूर्ण होगा, और संभव है कि पूरा टूर्नामेंट वे बेंच पर ही बिताएं।
