एंटी नक्सल ऑपरेशन: मुठभेड़ में ढेर हुआ एक नक्सली, हथियार समेत शव बरामद
बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। गंगालूर क्षेत्र में शनिवार सुबह से सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी है, जिसमें सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को मार गिराया है। मौके से हथियार सहित नक्सली का शव बरामद कर लिया गया है। अभी भी DRG (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) और STF (स्पेशल टास्क फोर्स) के जवान क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए हैं, और रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है।
पिछले महीने भी हुई थी बड़ी कार्रवाई, चार नक्सली मारे गए थे
बस्तर संभाग का बीजापुर जिला नक्सल गतिविधियों का गढ़ माना जाता है। पिछले महीने इसी क्षेत्र में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए अभियान के दौरान चार नक्सलियों को मार गिराया गया था। उस मुठभेड़ के दौरान भी भारी मात्रा में हथियार, विस्फोटक और गोला-बारूद बरामद किए गए थे।
INSAS और SLR राइफलों के साथ ही कई घातक हथियार मिलने से यह पुष्टि होती है कि इलाके में माओवादियों की सक्रियता अभी भी बनी हुई है। सुरक्षा बलों ने हाल ही में मिली खुफिया जानकारी के आधार पर गंगालूर क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया है।
आम जरूरत की सामग्री भी मिली मुठभेड़ स्थल से
ताजा मुठभेड़ स्थल से जवानों ने नक्सली के शव और हथियारों के अलावा दैनिक उपयोग की कई वस्तुएं, जैसे राशन, दवाइयां और बिस्तर भी बरामद किए हैं। इससे यह भी संकेत मिला है कि नक्सली किसी ठिकाने या कैंप में लंबे समय से जमे हुए थे।
