अन्नामलाई ने छोड़ा बीजेपी का साथ, नितिन नबीन को सौंपा इस्तीफा, शाह से भी हुई मुलाकात

अन्नामलाई

तमिलनाडु की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां भाजपा के फायरब्रांड नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी से अलग होने का निर्णय लिया है। मंगलवार को उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंप दिया। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी लंबी बैठक की, जो एक घंटे से अधिक समय तक चली।

पार्टी नेतृत्व से मिले, भविष्य को लेकर अहम चर्चा

सूत्रों के अनुसार, अन्नामलाई ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के सामने यह इच्छा जताई कि वे अब भाजपा से अलग होकर अपना नया राजनीतिक रास्ता बनाना चाहते हैं। हालांकि, पार्टी की ओर से उन्हें मनाने की कोशिशें भी जारी हैं। चर्चा यह भी है कि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर कोई जिम्मेदारी दी जा सकती है ताकि वे संगठन से जुड़े रहें।

दिल्ली न छोड़ने की सलाह, नए रोल पर विचार

पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई बैठक में संगठन महासचिव बी.एल. संतोष भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि अन्नामलाई को फिलहाल दिल्ली में ही रुकने के लिए कहा गया है, ताकि उनके भविष्य की भूमिका पर अंतिम निर्णय लिया जा सके।

तमिलनाडु की राजनीति में संभावित बड़ा बदलाव

यदि उनका इस्तीफा स्वीकार किया जाता है, तो इसे भाजपा के लिए बड़ा झटका माना जाएगा। राज्य की राजनीति में भी इसका असर देखने को मिल सकता है, खासकर तब जब अभिनेता से नेता बने एक अन्य प्रमुख चेहरा राज्य में तेजी से उभर रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इससे तमिलनाडु की सियासी समीकरणों में बड़ा बदलाव आ सकता है।

समर्थकों के पोस्टरों और अटकलों से बढ़ी चर्चा

पिछले कुछ दिनों से अन्नामलाई को लेकर अटकलें तेज थीं। कोयंबटूर सहित कई जगहों पर उनके समर्थकों द्वारा लगाए गए पोस्टरों ने भी चर्चा को और हवा दी। इन पोस्टरों में उन्हें नए राजनीतिक नेतृत्व के रूप में आगे आने की अपील की गई थी, जिसके बाद उनके अलग मंच बनाने की संभावनाएं भी जताई जाने लगीं।

बयान और चुप्पी ने बढ़ाई सस्पेंस

दिल्ली रवाना होने से पहले अन्नामलाई ने मीडिया से बातचीत में केवल इतना कहा था कि कुछ समय प्रतीक्षा करें, जल्द ही स्थिति स्पष्ट की जाएगी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में उनके अगले कदम को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई।

आईपीएस से राजनीति तक का सफर

के. अन्नामलाई 2020 में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए थे। इससे पहले वे आईपीएस अधिकारी रह चुके हैं। 2021 से 2025 तक वे तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे, जहां उन्होंने संगठन को मजबूत करने और युवाओं के बीच पार्टी की पकड़ बनाने में अहम भूमिका निभाई।

चुनाव न लड़ने का फैसला भी चर्चा में

हालांकि पार्टी के प्रमुख चेहरों में शामिल होने के बावजूद उन्होंने किसी भी चुनाव में भाग नहीं लिया। हाल के राजनीतिक घटनाक्रम और नेतृत्व परिवर्तन के बीच उनके भविष्य को लेकर लगातार चर्चाएं बनी हुई हैं। फिलहाल सभी की नजर इस बात पर है कि अन्नामलाई अपने राजनीतिक करियर को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं—भाजपा में बने रहकर या फिर किसी नए राजनीतिक विकल्प की ओर कदम बढ़ाकर।

Youthwings