अधिवक्ताओं ने शुरू किया अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार, जानिए पूरा मामला
अंबिकापुर। सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ के आह्वान पर शुक्रवार से अंबिकापुर के सभी पंजीकृत अधिवक्ताओं ने अनिश्चितकालीन कार्यबहिष्कार शुरू कर दिया है। उनकी मुख्य मांग है कि जिला न्यायालय का नया भवन वर्तमान स्थल पर ही बनाया जाए, क्योंकि यह न्यायिक दृष्टि से उचित और आम जनता की सुविधा के अनुकूल है।
इस आंदोलन को जबर्दस्त जनसमर्थन मिला। कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव सहित कई सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंच से अधिवक्ताओं की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि न्यायालय का वर्तमान स्थान ही उपयुक्त है और इसे बदलना जनभावना के विरुद्ध होगा।
आंदोलन स्थल पर पूरे दिन अधिवक्ताओं की एकता और अनुशासन देखने को मिला। संघ के अध्यक्ष अनिल सोनी ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के विरोध में नहीं, बल्कि जनसुविधा और न्यायिक गरिमा की रक्षा के लिए है।
रैली के बाद अधिवक्ताओं की टीम ने कलेक्टर सरगुजा से मुलाकात की। कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि यदि रविवार तक अतिक्रमण करने वाले कर्मचारी स्वयं स्थान नहीं खाली करेंगे, तो सोमवार से उनके खिलाफ बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।
