डिप्टी सीएम अरुण साव ने भांजे की तेरहवीं में सरकारी खजाने से उड़ाए लाखों, PWD ने दी सफाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव पर उनके भांजे की तेरहवीं के निजी कार्यक्रम में सरकारी खजाने के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने 90 लाख रुपए के सरकारी भुगतान का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, जबकि आम आदमी पार्टी ने भी इस मामले में साव से जवाब तलब किया है।

हालांकि, लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इन आरोपों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि उपमुख्यमंत्री अरुण साव या किसी भी निजी कार्यक्रम का कोई भुगतान विभाग द्वारा नहीं किया गया है।

विपक्ष के आरोप

दीपक बैज ने कहा, “निजी कार्यक्रम के लिए लगभग 90 लाख का पेमेंट हुआ। सड़कें गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं, लेकिन सरकार के पास सड़क मरम्मत के लिए पैसे नहीं हैं।” आम आदमी पार्टी के नेताओं ने भी इस तरह के “भ्रष्टाचार” को बर्दाश्त न करने की चेतावनी देते हुए साव से स्पष्टीकरण मांगा है।

विभाग का पक्ष

लोक निर्माण विभाग, बेमेतरा संभाग के कार्यपालन अभियंता डी.के. चंदेल ने विस्तार से बताया कि विभाग द्वारा केवल शासकीय कार्यक्रमों का भुगतान किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री और मंत्रियों के आधिकारिक कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने बताया कि बेमेतरा संभाग में दिसंबर 2024 से जनवरी 2025 तक विभिन्न शासकीय कार्यक्रमों के लिए टेंट, पंडाल और अन्य व्यवस्थाओं पर कुल 3.97 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया, जो पूरी तरह से नियमानुसार था।

चंदेल ने स्पष्ट किया कि 09 अगस्त 2024 के किसी भी कार्यक्रम का भुगतान विभाग द्वारा नहीं किया गया है और सोशल मीडिया पर प्रसारित बिलों का विभाग से कोई संबंध नहीं है। विभाग ने भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

Youthwings