Virendra Tomar Arrested: छत्तीसगढ़ का सूदखोर वीरेंद्र तोमर गिरफ्तार, ग्वालियर से पुलिस ने किया अरेस्ट, जून से था फरार
Virendra Tomar Arrested: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से फरार चल रहे सूदखोर वीरेंद्र सिंह तोमर को पुलिस ने आखिरकार पकड़ लिया है। जानकारी के मुताबिक, रायपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के ग्वालियर से वीरेंद्र तोमर को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस जल्द ही उसकी गिरफ्तारी से जुड़ी पूरी जानकारी का खुलासा करेगी।
बता दें कि रायपुर के हिस्ट्रीशीटर सूदखोर तोमर बंधु, यानी वीरेंद्र सिंह तोमर और रोहित तोमर, जून 2025 से फरार चल रहे थे। इन दोनों भाइयों के खिलाफ सूदखोरी, मारपीट, ब्लैकमेलिंग, वसूली (एक्सटॉर्शन) और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।
प्रशासन ने तोमर बंधुओं के खिलाफ सख्त कदम उठाते हुए उनकी करोड़ों की संपत्ति कुर्क की थी। रायपुर जिला प्रशासन की टीम ने तोमर बंधुओं के आलीशान मकान, जमीन और लग्जरी कारों पर कार्रवाई करते हुए जब्ती की थी। इतना ही नहीं, प्रशासन की कार्रवाई के दौरान उनके ऑफिस पर बुलडोजर भी चलाया गया था।
सूत्रों के मुताबिक, तेलीबांधा और पुरानी बस्ती थाने में वीरेंद्र और रोहित तोमर के खिलाफ 7 से अधिक सूदखोरी और वसूली के मामले दर्ज हैं। इन मामलों की जांच के दौरान पुलिस गिरफ्तारी की कोशिश कर रही थी, लेकिन दोनों भाई लगातार स्थान बदलकर पुलिस को चकमा दे रहे थे।
गिरफ्तारी से बचने के लिए तोमर बंधुओं ने वकील सजल गुप्ता के जरिए हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका भी लगाई थी, लेकिन पुलिस ने लगातार निगरानी रखी और अंततः वीरेंद्र तोमर को ग्वालियर से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अब उसके रायपुर लाए जाने और आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है। वहीं, सूत्रों का कहना है कि अब पुलिस की अगली कोशिश फरार चल रहे रोहित तोमर की गिरफ्तारी पर होगी।
