Akshay Kumar Accident: अक्षय कुमार के काफिले की कार का भीषण हादसा, ऑटो से टक्कर के बाद दो पहियों पर खड़ी हो गई गाड़ी
Akshay Kumar Accident: बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार के काफिले की एक एस्कॉर्ट कार सोमवार, 19 जनवरी की रात मुंबई में सड़क हादसे का शिकार हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब अक्षय कुमार अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना के साथ एयरपोर्ट से जुहू स्थित अपने घर लौट रहे थे।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अक्षय कुमार अपने काफिले में आगे चल रहे थे। तभी पीछे से आ रहे एक ऑटो-रिक्शा ने उनकी एस्कॉर्ट कार को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ऑटो को पीछे से एक अन्य कार ने टक्कर मारी थी, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर सीधे अक्षय कुमार की एस्कॉर्ट गाड़ी से जा टकराया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो-रिक्शा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और एस्कॉर्ट कार झटके से ऊपर उठते हुए दो पहियों पर खड़ी हो गई।
रात 9:05 बजे हुआ हादसा
यह हादसा रात करीब 9 बजकर 5 मिनट पर मुंबई के जुहू इलाके में सिल्वर बीच कैफे के पास हुआ। घटना के समय अक्षय कुमार अपनी कार में सुरक्षित मौजूद थे। हादसे के तुरंत बाद उनकी मैनेजर और पर्सनल सिक्योरिटी गार्ड कार से बाहर निकले और स्थिति को संभाला।
इस दुर्घटना में ऑटो चालक को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं ऑटो में सवार एक यात्री को किसी तरह की चोट नहीं आई।
मौके पर पहुंची पुलिस, वीडियो हुए वायरल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में एस्कॉर्ट कार सड़क किनारे एक ओर झुकी हुई दिखाई दे रही है, जबकि ऑटो-रिक्शा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त नजर आ रहा है।
एनिवर्सरी सेलिब्रेशन से लौट रहे थे अक्षय-ट्विंकल
गौरतलब है कि अक्षय कुमार और ट्विंकल खन्ना हाल ही में अपनी शादी की 25वीं सालगिरह मनाकर विदेश यात्रा से लौटे थे। इस मौके पर ट्विंकल खन्ना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें दोनों पैराग्लाइडिंग करते नजर आए थे। वीडियो के साथ ट्विंकल ने लिखा था कि उनकी शादी की सबसे अच्छी बात यह है कि वे हमेशा एक-दूसरे को आगे बढ़ने और “उड़ने” के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
