Chhattisgarh Morning News: दिल्ली दौरे पर CM साय, SIR पर कांग्रेस का ज्ञापन, कवासी लखमा की जमानत पर SC में सुनवाई, राडा ऑटो एक्सपो आज से शुरू

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ की सियासत, प्रशासन और राजधानी से जुड़ी बड़ी खबरों के साथ आज का मॉर्निंग बुलेटिन सामने है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दिल्ली दौरा, SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस का विरोध, सुप्रीम कोर्ट में कवासी लखमा की जमानत याचिका, राडा ऑटो एक्सपो 2026 की शुरुआत और रायपुर के प्रमुख कार्यक्रमों पर एक नजर।

दिल्ली दौरे पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस समय दिल्ली दौरे पर हैं। वे भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया में शामिल होने के लिए राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे हैं। उनके साथ दोनों उपमुख्यमंत्री, कुछ मंत्री और सांसद भी दिल्ली में मौजूद हैं। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री मंगलवार शाम तक रायपुर लौट सकते हैं, हालांकि अभी तक उनके दौरे को लेकर कोई आधिकारिक शेड्यूल जारी नहीं किया गया है।

SIR को लेकर कांग्रेस आज सौंपेगी निर्वाचन आयोग को ज्ञापन

छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल आज दोपहर 12 बजे निर्वाचन आयोग को ज्ञापन सौंपेगा। यह ज्ञापन SIR (Special Intensive Revision) प्रक्रिया को लेकर दिया जाएगा। कांग्रेस नेता निर्वाचन पदाधिकारी से मुलाकात कर इस प्रक्रिया में कथित खामियों और चिंताओं पर चर्चा करेंगे।

आदिमजाति विकास विभाग की समीक्षा बैठक आज

आदिमजाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा आज सुबह 11 बजे नवा रायपुर स्थित आदिवासी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान (TRTI) के सभाकक्ष में विभागीय कार्यों की समीक्षा करेंगे। बैठक में CTD और TRTI के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। रायपुर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी।

धमतरी में कांग्रेस की मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा

धमतरी जिले के मेघा ग्राम से आज कांग्रेस की ‘मनरेगा बचाओ संग्राम पदयात्रा’ निकाली जाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में यह पदयात्रा लगभग 8 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए ग्राम हरदी में समाप्त होगी। पदयात्रा के दौरान ग्रामीणों से मनरेगा में किए गए बदलावों को लेकर संवाद किया जाएगा।

राडा ऑटो एक्सपो 2026 आज से शुरू

राजधानी रायपुर में राडा ऑटो एक्सपो 2026 का आज से शुभारंभ हो रहा है। यह ऑटो एक्सपो श्रीराम बिज़नेस पार्क में 20 जनवरी से 5 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 21 जनवरी को इसका औपचारिक उद्घाटन करेंगे। एक्सपो में कार, बाइक और इलेक्ट्रिक वाहनों की बड़ी रेंज उपलब्ध रहेगी। वाहन खरीदने पर लाइफटाइम रोड टैक्स में 50 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। मौके पर फाइनेंस और इंश्योरेंस की सुविधा भी मिलेगी।

सुप्रीम कोर्ट में कवासी लखमा की जमानत याचिका पर सुनवाई आज

शराब घोटाले मामले में आरोपी बनाए गए पूर्व मंत्री कवासी लखमा की जमानत याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ इस मामले की सुनवाई करेगी। कवासी लखमा पर शराब सिंडिकेट से करोड़ों रुपये के कमीशन लेने के गंभीर आरोप हैं।

रायपुर के आज के प्रमुख कार्यक्रम

राजधानी रायपुर में आज कई सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। छत्तीसगढ़ युवा विकास संगठन द्वारा विप्र महाविद्यालय परिसर में सुबह 8 बजे से खेल महोत्सव का आयोजन होगा। वहीं सिविल लाइन स्थित सत्यदर्शन योगाश्रम में शाम 5 से 6 बजे तक योग क्लास आयोजित की जाएगी। इसके अलावा विकास परिषद द्वारा पीएससी राज्य सेवा परीक्षा के लिए निःशुल्क कोचिंग कक्षाएं टिकरापारा स्थित नूतन स्कूल में शाम 5 से रात 9 बजे तक चलेंगी।

Youthwings