Zubeen Garg Death: जुबिन गर्ग के निधन के बाद सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने दिए CID जांच के आदेश, दो लोगों के खिलाफ दर्ज हुई FIR
Zubeen Garg Death: असम के मशहूर सिंगर जुबिन गर्ग (Zubeen Garg) के अचानक निधन के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने अपने परिवार के साथ गुवाहाटी में सिंगर के घर जाकर उनके परिवार से मुलाकात की। सीएम ने बताया कि सिंगापुर में जुबिन गर्ग का पोस्टमॉर्टम हो चुका है और उनका पार्थिव शरीर भारतीय दूतावास के अधिकारियों को सौंप दिया गया है। साथ ही, असम में जुबिन गर्ग के असामयिक निधन के मामले में दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
सीएम ने परिवार से जताई संवेदना
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “मैं अपनी पत्नी रिनिकी भुयान सरमा (Riniki Bhuyan Sarma) के साथ इस दुख की घड़ी में जुबिन गर्ग के परिवार के साथ एकजुटता दिखाने उनके आवास पर गया। उनके हजारों प्रशंसक अंतिम दर्शन के लिए सड़कों पर इंतजार कर रहे हैं। हम लगातार संपर्क में हैं और उन्हें जल्द ही असम वापस लाने की व्यवस्था कर रहे हैं।”
मौत की घटनाक्रम
सीएम के अनुसार, शुक्रवार को जुबिन गर्ग सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें अचानक सांस लेने में गंभीर समस्या हुई। तुरंत उन्हें CPR दिया गया और सिंगापुर जनरल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन भारतीय समय अनुसार दोपहर लगभग 2:30 बजे उन्हें आईसीयू में मृत घोषित किया गया।
FIR और CID जांच के आदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि जुबिन गर्ग के असामयिक निधन के मामले में श्यामकानु महंत और सिद्धार्थ सरमा के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। उन्होंने असम के DGP को सभी FIR CID को सौंपने और जांच के आदेश देने के लिए निर्देशित किया है। इसके साथ ही, सीएम दिल्ली एयरपोर्ट जाकर जुबिन गर्ग के पार्थिव शरीर को रिसीव करेंगे।
जुबिन गर्ग के निधन से असम और पूरे भारत में संगीत जगत में शोक की लहर फैल गई है।
