अजित पवार के बाद पत्नी सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री

सुनेत्रा पवार बनीं महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री

महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार, 31 जनवरी 2026 को एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दिवंगत नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने राज्य की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। यह शपथ ग्रहण समारोह मुंबई स्थित लोकभवन में आयोजित किया गया, जहां राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण के तुरंत बाद लोकभवन परिसर ‘अजित पवार अमर रहें’ और ‘अजित दादा अमर रहें’ के नारों से गूंज उठा। इस भावुक मौके पर मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी। समारोह के दौरान राज्य के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सुनेत्रा पवार का हाथ जोड़कर अभिवादन किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा—“महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने पर सुनेत्रा पवार जी को हार्दिक शुभकामनाएं। वह इस पद की जिम्मेदारी संभालने वाली पहली महिला हैं। मुझे पूर्ण विश्वास है कि वह राज्य की जनता के कल्याण के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेंगी और दिवंगत अजितदादा पवार के विजन को साकार करेंगी।”

READ MORE : मरीन ड्राइव में मॉर्निंग वॉक करने वालों से नहीं लिया जाएगा शुल्क, नए फैसले पर महापौर मीनल का बड़ा बयान

अजित पवार के निधन के बाद पार्टी ने लिया बड़ा फैसला

गौरतलब है कि महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री और NCP के वरिष्ठ नेता अजित पवार का 28 जनवरी 2026 को बारामती जिले में एक विमान हादसे में निधन हो गया था। इस हादसे के बाद पूरे राज्य में शोक की लहर दौड़ गई थी। पार्टी के लिए यह एक बड़ा राजनीतिक और भावनात्मक झटका था।

अजित पवार के निधन के बाद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने 31 जनवरी को विधायक दल की अहम बैठक बुलाई। बैठक में सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें महाराष्ट्र की प्रथम महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ दिलाई।

Youthwings