Bhilai Gang Rape News: भिलाई में नाबालिग से दरिंदगी, खंडहर में ले जाकर दो लड़कों ने किया गैंगरेप, मां ने रंगे हाथों पकड़ा
Bhilai Gang Rape News: छत्तीसगढ़ के भिलाई (दुर्ग) जिले के नेवई थाना क्षेत्र में एक 13 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना 28 जनवरी की शाम की है, जब मासूम अपने मोहल्ले में खेल रही थी। तभी वहाँ 14 और 15 साल के दो नाबालिग लड़के पहुँचे और बच्ची को अपनी बातों में उलझाकर अपने साथ चलने के लिए राजी कर लिया। बच्ची उन्हें पहले से जानती थी, इसलिए वह बिना किसी शक के उनके साथ चली गई।
आरोपी लड़के उसे सुनसान जगह पर स्थित एक खंडहरनुमा मकान में ले गए और वहाँ उसके साथ गैंगरेप की घिनौनी वारदात को अंजाम दिया।
मां ने रंगे हाथों पकड़ा, मौके से भागे आरोपी
काफी देर तक जब बच्ची घर नहीं लौटी, तो उसकी मां उसे ढूंढते हुए मोहल्ले में निकली। इसी दौरान किसी ने उन्हें जानकारी दी कि उनकी बेटी को दो लड़कों के साथ खंडहर की ओर जाते देखा गया है। जब मां उस खंडहरनुमा मकान में पहुँची, तो वहाँ का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने अपनी बेटी के साथ हो रही हैवानियत को अपनी आंखों से देखा। मां को देखते ही दोनों आरोपी लड़के मौके से फरार हो गए।
पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी
पीड़िता की मां तुरंत अपनी बेटी को लेकर नेवई थाना पहुँची और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों अपचारी बालकों के खिलाफ गैंगरेप की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उन्हें बाल सुधार गृह भेज दिया है।
