गोवा कॉन्सर्ट से पहले सुनिधि चौहान को झटका, कुछ गानों पर लगी रोक

गोवा। फेमस सिंगर सुनिधि चौहान के गोवा में होने वाले लाइव कॉन्सर्ट से पहले प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। राज्य की चाइल्ड प्रोटेक्शन यूनिट ने कॉन्सर्ट आयोजकों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए साफ कहा है कि कार्यक्रम के दौरान तंबाकू, धूम्रपान या शराब को बढ़ावा देने वाले गाने नहीं गाए जाएं।

यह कदम किशोर न्याय अधिनियम (JJ एक्ट) 2015 के तहत बच्चों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। चूंकि इस कॉन्सर्ट में बड़ी संख्या में बच्चों की मौजूदगी की संभावना है, इसलिए प्रशासन ने कार्यक्रम की मर्यादा और कंटेंट पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

कब और कहां होगा कॉन्सर्ट

दरअसल, ‘द अल्टीमेट सुनिधि लाइव’ कॉन्सर्ट का आयोजन 25 जनवरी 2026 को गोवा के वर्ना स्थित 1919 स्पोर्ट्ज क्रिकेट स्टेडियम में किया जाना है। इस शो में 5 साल और उससे अधिक उम्र के बच्चों को भी एंट्री दी गई है, जिसे देखते हुए प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

किन गानों पर जताई गई आपत्ति

यह कार्रवाई चंडीगढ़ के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनवर की शिकायत के बाद शुरू हुई। उन्होंने सुनिधि चौहान के कुछ लोकप्रिय गानों जैसे ‘बीड़ी जलाइले’ और ‘शराबी’ पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ये गाने तंबाकू और शराब को ग्लैमराइज करते हैं, जिससे बच्चों पर नकारात्मक असर पड़ सकता है।

एडवाइजरी में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के 2019 के फैसले का भी हवाला दिया गया है, जिसमें कहा गया था कि नशीले पदार्थों को बढ़ावा देने वाला कंटेंट बच्चों के लिए नुकसानदायक हो सकता है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह एडवाइजरी निवारक कदम है, जिसका उद्देश्य किसी कलाकार या आयोजक को रोकना नहीं, बल्कि बच्चों के हितों की रक्षा करना है।

Youthwings