गढ़चिरौली के जंगलों में मुठभेड़: दो महिला नक्सली ढेर, एके-47 और हथियार बरामद

गढ़चिरौली के जंगलों में मुठभेड़

गढ़चिरौली के जंगलों में मुठभेड़

गढ़चिरौली। छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर स्थित नक्सल प्रभावित इलाके गढ़चिरौली में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में दो महिला नक्सली मारी गईं, जिनके पास से एक एके-47 राइफल, एक उन्नत पिस्तौल, गोला-बारूद और नक्सली साहित्य बरामद किया गया है।

यह मुठभेड़ गढ़चिरौली जिले के एटापल्ली तहसील अंतर्गत मोडास्के गांव के जंगलों में हुई, जहां सी-60 कमांडो यूनिट ने अभियान चलाया। सुरक्षा बलों को इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई।

खुफिया सूचना पर शुरू हुआ ऑपरेशन

मिली जानकारी के अनुसार, गट्टा-जांभिया पुलिस चौकी के अंतर्गत आने वाले जंगल में गट्टा एलओएस (लोकल ऑपरेटिंग स्क्वॉड) के नक्सलियों के डेरा जमाने की सूचना मिली थी। इसके बाद सी-60 की टुकड़ियों ने अहेरी से एक संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। इस ऑपरेशन में CRPF की 191वीं बटालियन की ई कंपनी और स्थानीय पुलिस की टीम भी शामिल रही।

फायरिंग के बाद मिला नक्सलियों का शव

जब सुरक्षाबलों ने जंगल की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया, तभी माओवादियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो महिला नक्सली ढेर हो गईं। मुठभेड़ के बाद जब इलाके की गहन तलाशी ली गई तो दोनों नक्सलियों के शव बरामद हुए। उनके पास से एक स्वचालित AK-47 राइफल, एक मॉडर्न पिस्तौल, कई कारतूस, बैग और भारी मात्रा में नक्सली दस्तावेज बरामद किए गए।

अभी भी जारी है सर्च ऑपरेशन

हालांकि, अब तक की मुठभेड़ समाप्त हो चुकी है लेकिन जंगल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा बल यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि अन्य कोई नक्सली छिपा हुआ न हो या भाग न निकले।

 

Youthwings