इंदौर के बाद अब जबलपुर! मेडिकल कॉलेज में चूहों ने काटे मरीजों के पैर, सुरक्षा पर उठे सवाल
जबलपुर। सरकारी अस्पतालों में चूहों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। इंदौर के एमवाई अस्पताल के बाद अब जबलपुर के नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज से चौंकाने वाली लापरवाही सामने आई है। यहां मानसिक रोग विभाग में भर्ती दो मरीजों और एक महिला के परिजन के पैरों को चूहों ने कुतर डाला, जिससे अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
वार्ड में चूहों का कहर
जानकारी के मुताबिक मानसिक रोग विभाग में भर्ती सिहोरा निवासी 25 वर्षीय महिला और गोटेगांव निवासी 50 वर्षीय महिला दो दिन पहले इलाज के लिए यहां लाई गई थीं। रात के समय वार्ड में चूहों ने उनके पैरों और एड़ी को काट दिया। यही नहीं, इलाज कराने आई एक महिला के बेटे को भी चूहों ने निशाना बना लिया।
महीने भर से शिकायतें, फिर भी कार्रवाई नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक महीने से मानसिक रोग विभाग में चूहों की बढ़ती संख्या को लेकर लगातार शिकायतें की जा रही थीं, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इससे मरीजों और उनके परिजनों में गहरी नाराजगी है।
डीन ने मांगी रिपोर्ट
मामले पर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अधीक्षक से विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि चूहों को खत्म करने के लिए पहले से चूहा मार दवाइयों का इस्तेमाल किया जा रहा है और पेस्ट कंट्रोल के लिए ठेका कंपनी को भी अतिरिक्त निर्देश दिए जाएंगे।
