BJYM अध्यक्ष राहुल टिकरिहा पर गंभीर आरोप, पीड़िता बोली- शादी का झांसा देकर शोषण की कोशिश

रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा पर एक युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। युवती ने शनिवार, 13 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुलकर अपनी बात रखी। दूसरी ओर, राहुल टिकरिहा ने इन आरोपों को संपूर्ण रूप से बेबुनियाद बताते हुए कहा कि यह “कांग्रेस की राजनीतिक साजिश” है।

युवती का आरोप

पीड़िता के मुताबिक, राहुल टिकरिहा से उसकी जान-पहचान पुरानी है। उसने बताया कि कुछ साल पहले पढ़ाई के दौरान पहली बार उनकी बातचीत हुई थी। युवती का कहना है कि राहुल लगातार उसे मैसेज करता था और देर रात मिलने का दबाव डालता था।

युवती के बयान के अनुसार, 5 अप्रैल की रात राहुल उसे खेत के पास ले गया और वहां जबरन हग और स्मूच करने के साथ शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। युवती का कहना है कि उसने साफ मना किया, तब राहुल ने शादी का वादा करके उसे भरोसा दिलाया, लेकिन बाद में वह अपने वादे से मुकर गया।

पुराना विवाद भी चर्चा में

गौरतलब है कि इससे पहले भी राहुल टिकरिहा एक विवाद में घिर चुके हैं। कुछ दिन पहले उनके कथित चाचा रविकांत टिकरिहा ने भी अपनी पत्नी से अवैध संबंध होने का आरोप लगाया था। हाल ही में एक कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें निजी संबंधों को लेकर बातचीत का दावा किया गया था।

राहुल टिकरिहा का जवाब

मीडिया से बातचीत में राहुल टिकरिहा ने कहा, “ये सारे आरोप झूठे और राजनीतिक साजिश का हिस्सा हैं। कांग्रेस बौखलाहट में मेरे खिलाफ चरित्र हनन की कोशिश कर रही है।” उन्होंने बताया कि पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्होंने रायपुर के सिविल लाइन थाना में इसकी लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आगे की कार्रवाई सबूतों और बयान दर्ज होने के बाद तय होगी।

Youthwings