रायपुर में न्यूड पार्टी : HYPER CLUB का संचालक जेम्स बेक हिरासत में, पूछताछ जारी

रायपुर। राजधानी में सोशल मीडिया पर वायरल हुए विवादित न्यूड पार्टी और स्ट्रेंजर हाउस पार्टी के वीडियो ने पुलिस को हरकत में ला दिया है। हाल ही में सामने आए फुटेज में यह साफ दिखा कि हाइपर क्लब के जरिए इन अश्लील पार्टियों का प्रमोशन किया जा रहा था। मामला सुर्खियों में आते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्लब संचालक जेम्स बेक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह खुद इस पूरे मामले की निगरानी कर रहे हैं। जेम्स बेक से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्लब में ऐसी पार्टियों का आयोजन कितनी बार हुआ और किन लोगों का इसमें सीधा या परोक्ष सहयोग था। पुलिस का कहना है कि अगर जांच में क्लब संचालक की भूमिका साबित होती है, तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पहले भी पुलिस ने इस प्रकरण से जुड़े दो युवकों को हिरासत में लिया था। क्राइम ब्रांच दफ्तर में उनसे कई घंटों तक गहन पूछताछ की गई है। अब जेम्स बेक से पूछताछ के बाद नए खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके।

Youthwings