भारत-पाक तनाव के बीच राहत: बंद किए गए 32 एयरपोर्ट अब फिर से शुरू, AAI ने दी यात्रियों को सलाह
नई दिल्ली | भारत और पाकिस्तान के बीच हालिया सीमा तनाव के कारण बंद किए गए देश के 32 एयरपोर्ट अब एक बार फिर से नागरिक विमानों की आवाजाही के लिए पूरी तरह चालू कर दिए गए हैं। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि स्थिति में सुधार को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
AAI ने जारी किया नोटिस टू एयरमेन (NOTAM):
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर कहा:
“बदलती परिस्थितियों के मद्देनजर, इन 32 हवाई अड्डों पर वाणिज्यिक उड़ान संचालन को 15 मई 2025 तक अस्थायी रूप से निलंबित किया गया था। अब यह सभी हवाई अड्डे तत्काल प्रभाव से पूरी तरह चालू हैं।”
किन-किन एयरपोर्ट से विमान सेवाएं स्थगित थीं?:
इनमें सीमावर्ती और रणनीतिक दृष्टि से अहम हवाई अड्डे शामिल थे, जैसे:
अमृतसर
चंडीगढ़
जैसलमेर
लेह
पठानकोट
पोरबंदर
इन हवाई अड्डों पर सेवाएं 10 मई को युद्धविराम की घोषणा के बाद भारतीय वायुसेना (IAF) की सिफारिश पर फिर से शुरू करने का निर्णय लिया गया।
AAI की यात्रियों को सलाह’:
यात्रियों के लिए जारी की गई AAI की चेतावनी में कहा गया है: “यात्रियों से अनुरोध है कि वे अपनी उड़ानों की स्थिति के बारे में प्रत्यक्ष रूप से एयरलाइनों से संपर्क करें, और नियमित अपडेट के लिए एयरलाइनों की वेबसाइटों की निगरानी करते रहें।”
