Chhattisgarh Morning News: कांग्रेस पर सियासी दबाव, बिजली बिल से जनता परेशान, भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष पर गंभीर आरोप
रायपुर। Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में राजनीतिक हलचल लगातार तेज हो रही है। कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट के दौरे से पहले ही पार्टी के भीतर संगठनात्मक मुद्दों को लेकर खींचतान बढ़ गई है। वहीं राज्य सरकार के खिलाफ कई जनहित से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस की सुस्ती को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पार्टी नेताओं का मानना है कि बढ़े हुए बिजली बिल, किसानों की समस्याएं और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों पर आक्रामक रुख अपनाने की जरूरत है।
बिजली बिल हाफ योजना बंद, जनता पर दोहरी मार
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने भाजपा सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि 400 यूनिट हाफ बिजली बिल योजना खत्म करने का खामियाजा आम जनता भुगत रही है। उनका दावा है कि इस महीने औसतन घरों में बिजली बिल 1,000 रुपये तक बढ़ा है। महंत ने कहा कि सरकार ने महंगाई के दौर में जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है। पहले 1,000-1,500 रुपये का बिल भरने वाले उपभोक्ताओं को अब 2,500 रुपये तक का बिल थमाया जा रहा है। महंत ने मांग की कि राज्य सरकार इस फैसले पर पुनर्विचार करे और कृषि पंपों पर विशेष सब्सिडी व रियायती दरें लागू करे।
भाजपा में आरोपों की आंच
भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के प्रदेशाध्यक्ष राहुल टिकरिहा पर गंभीर आरोप फिर से सुर्खियों में हैं। सिलघट निवासी रविकांत टिकरिहा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया कि राहुल टिकरिहा ने उनके परिवार को तोड़ने और चाची से अवैध संबंध रखने का गुनाह कबूल किया था। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को गुमराह कर राहुल टिकरिहा संगठन को बदनाम कर रहे हैं।
सेवा पखवाड़ा की तैयारियां
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस (17 सितंबर) से 2 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा के लिए जवाहर नगर मंडल भाजपा ने कार्यशाला आयोजित की। इसमें स्वच्छता अभियान, रक्तदान शिविर, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, वृक्षारोपण और नशा मुक्ति अभियान जैसी गतिविधियां होंगी। व्यापारियों को GST बदलाव की जानकारी देने और त्योहारी सीजन के लिए चिल्हर वितरण की भी योजना है।
बैज पर बीजेपी का हमला
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और सांसद संतोष पांडे ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज पर निशाना साधते हुए कहा कि बैज बस्तर के विकास में बाधा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रयासों से बस्तर में निवेश और विकास की नई संभावनाएं खुल रही हैं, लेकिन कांग्रेस इन योजनाओं को रोकने में लगी है।
राजधानी रायपुर में आज के कार्यक्रम
भेद विज्ञान साधना शिविर: श्रीजैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक समाज, टैगोर नगर, सुबह 8:30 से 11 और दोपहर 2:30 से
शिक्षक सम्मान समारोह: गायत्री परिवार ट्रस्ट, समता कॉलोनी, दोपहर 12 बजे
प्रांतव्यापी बैठक: विकलांग चेतना परिषद, आशीर्वाद भवन बैरनबाजार, सुबह 11 बजे
पौधारोपण व सभा: कृष्ण मित्र फाउंडेशन, सरजूबांधा मुक्तिधाम परिसर, सुबह 10 बजे
वैश्विक योग निद्रा उत्सव: ऋषि चैतन्य आश्रम, होटल सेलिब्रेशन, पूर्वान्ह 11 बजे
अभियंता दिवस समारोह: तेली इंजीनियर्स वेलफेयर एसोसिएशन, इंडियन कॉफी हाउस गोल्डन टॉवर एनआईटी परिसर, सुबह 10:30 बजे
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज सियासी बयानबाजी के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी धूम देखने को मिलेगी।
