भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर आम आदमी पार्टी का विरोध, पाक क्रिकेटरों का पुतला जलाया , रेस्टोरेंट्स को दी चेतावनी
भारत
नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार, 14 सितंबर को होने वाले क्रिकेट मैच को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने कड़ा विरोध दर्ज किया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने पाकिस्तानी क्रिकेटरों का पुतला जलाकर प्रतीकात्मक विरोध किया और दिल्ली में इस मैच का प्रसारण करने वाले क्लबों और रेस्टोरेंट्स को बहिष्कार की चेतावनी दी है।
“पाक क्रिकेटरों से मैच? डूब मरना चाहिए!” – सौरभ भारद्वाज
सौरभ भारद्वाज ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा, “भाजपा शायद ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को भूल चुकी है। जिन आतंकियों ने हमारी बहनों का सुहाग उजाड़ा, उन्हीं के समर्थक पाकिस्तानी क्रिकेटरों से अब क्रिकेट खेला जा रहा है – इससे शर्मनाक कुछ नहीं हो सकता।”
उन्होंने एक वायरल इंस्टाग्राम पोस्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने एक ऐसी तस्वीर साझा की है, जिसमें उनका आर्मी चीफ सिंदूर भरते हुए दिख रहा है। भारद्वाज ने कहा, “वे दिखाना चाहते हैं कि अगर हमने सिंदूर उजाड़ा है, तो अब हम भरने भी आए हैं। इससे ज्यादा घटिया सोच नहीं हो सकती।”
“जो भी क्लब मैच दिखाएगा, उसे एक्सपोज करेंगे”
आप नेता ने दिल्ली के सभी नाइट क्लब्स, रेस्टोरेंट्स और बार को चेतावनी दी है कि अगर वे भारत-पाकिस्तान मैच का लाइव टेलीकास्ट करते हैं, तो आम आदमी पार्टी उन्हें जनता के सामने बेनकाब करेगी। “हम यह सुनिश्चित करेंगे कि लोग वहां जाना बंद करें,” भारद्वाज ने कहा।
विधायक संजीव झा ने जलाया बैट
विधायक संजीव झा ने भी इस विरोध में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि बच्चों ने उन्हें बैट सौंपते हुए कहा कि पाकिस्तान से मैच होने से उनका दिल टूट गया है, और इस बैट को भी आग के हवाले कर देना चाहिए। “हमने क्रिकेट इसलिए नहीं सीखा था कि दुश्मन के साथ खेलना पड़े,” झा ने कहा।
केजरीवाल ने भी उठाए सवाल
आप के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाने पर लेते हुए एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, “प्रधानमंत्री जी, देश नहीं चाहता कि पाकिस्तान के साथ मैच हो। फिर यह क्यों करवाया जा रहा है?”
