Raipur Water Crisis: रायपुर में 10 घंटे का वॉटर शटडाउन, 32 टंकियों में ठप रहेगी सप्लाई
Raipur Water Crisis
रायपुर। Raipur Water Crisis: राजधानी के करीब 10 लाख लोगों को शनिवार को पानी की भारी किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। नगर निगम ने जानकारी दी है कि 150 एमएलडी फिल्टर प्लांट से जुड़ी 1400 एमएम व्यास की एचएस राइजिंग पाइपलाइन में लीकेज की मरम्मत के लिए 10 घंटे का वॉटर शटडाउन घोषित किया गया है।
पाइपलाइन मरम्मत के चलते आपूर्ति बाधित
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, भाठागांव चौक के पास पाइपलाइन में लीकेज की मरम्मत का कार्य 12 सितंबर की रात से शुरू किया जाएगा। इस दौरान 150 एमएलडी और 80 एमएलडी फिल्टर प्लांट से जल आपूर्ति पूरी तरह बंद रहेगी। इसका सीधा असर शहर की 32 पानी की टंकियों पर पड़ेगा और हजारों घरों में सुबह की सप्लाई नहीं मिलेगी।
किन इलाकों पर पड़ेगा असर
जिन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होगी उनमें भाठागांव, चंगोराभाठा, कुशालपुर, डीडी नगर, ईदगाहभाठा, सरोना, टाटीबंध, कोटा, कबीर नगर, जरवाय, गोगांव, मठपुरैना, लालपुर, अमलीडीह, अवंती विहार, मंडी, मोवा, सड्डू, दलदल सिवनी, रामनगर, कचना, आमासिवनी, देवपुरी, बोरियाखुर्द, जोरा, भनपुरी, नया रायपुरा और कुकुरबेड़ा शामिल हैं।
नगर निगम की अपील
निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे 12 सितंबर की शाम तक अपने घरों की टंकियां और अन्य पानी के स्टोरेज भरकर तैयार रखें, ताकि 13 सितंबर की सुबह पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। निगम ने यह भी कहा कि मरम्मत कार्य समय पर पूरा कर 13 सितंबर की शाम से सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।
