Chhattisgarh Morning News: राजधानी में पानी संकट, रोटी मशीन घोटाले पर सियासी घमासान
Chhattisgarh Morning News
रायपुर। Chhattisgarh Morning News: भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मीडिया से चर्चा के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुछ पल कार्यकर्ताओं के साथ बिताए। इस दौरान उन्होंने चना-मुर्रा खाते हुए अपने पुराने दिनों को याद किया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, सांसद संतोष पांडे, महामंत्री यशवंत जैन सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
दुर्ग-हटिया स्पेशल ट्रेन का संचालन बढ़ा
रेल यात्रियों की सुविधा के लिए हटिया-दुर्ग-द्वि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन 31 दिसंबर तक बढ़ा दिया गया है। गाड़ी संख्या 08185 हटिया-दुर्ग 2 अक्टूबर से 30 दिसंबर तक और गाड़ी संख्या 08186 दुर्ग-हटिया 3 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक चलेगी। इसके अलावा त्योहारी सीजन में दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन पूजा स्पेशल और इतवारी-शालीमार पूजा स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाएंगी।
आज सुबह नहीं मिलेगा पानी
नगर निगम द्वारा भाठागांव चौक के पास 150 एमएलडी फिल्टर प्लांट की पाइपलाइन मरम्मत के कारण शुक्रवार रात से 10 घंटे का शटडाउन किया गया। मरम्मत कार्य की वजह से शनिवार सुबह शहर के कई इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं होगी। शाम तक सप्लाई बहाल होने की संभावना है। प्रभावित क्षेत्रों में भाठागांव, कुशालपुर, टाटीबंध, लालपुर, अमलीडीह, मोवा, सड्डू समेत कई इलाके शामिल हैं।
कर्मचारियों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य
राज्य के सभी शासकीय कर्मचारियों को 30 सितंबर तक एम्प्लाई कार्नर पोर्टल या एप पर ई-केवाईसी करवाना अनिवार्य है। कार्मिक संपदा मॉड्यूल पर प्रोफाइल अपडेट नहीं होने पर कर्मचारियों को सेवाओं का लाभ लेने में दिक्कत आ सकती है।
रोटी मशीन खरीदी में घोटाले का आरोप
कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर जेम पोर्टल के जरिए भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। कांग्रेस का दावा है कि 50 हजार रुपए की रोटी बनाने की मशीन 7.95 लाख रुपए में खरीदी गई। कांग्रेस ने पहले भी जेम पोर्टल से महंगी खरीद के कई मामले उठाए थे।
धान खरीदी को लेकर कांग्रेस का निशाना
कांग्रेस ने कहा कि एग्री स्टेक पोर्टल पर पंजीयन में दिक्कतें किसानों को परेशान कर रही हैं। प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर किसानों का पूरा धान नहीं खरीदना चाहती। साथ ही उर्वरक संकट को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए।
आज राजधानी में धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन
एमजी रोड स्थित जैन दादाबाड़ी में योगीराज विजय शांति सूरीश्वर का 82वां स्वर्गारोहण महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। दोपहर 2 बजे सामूहिक पूजा और रात 8 बजे भव्य भक्तिगीत प्रतियोगिता होगी।
शाम 5 बजे मैक ऑडिटोरियम में सुहिणी सोच महिला मंडल ‘समाज की शाम हमारा अभिमान’ कार्यक्रम में पिछले 3 वर्षों में उत्कृष्टता प्राप्त 101 प्रतिभाओं को सम्मानित करेगा।
