Naxal Encounter In Bijapur: बीजापुर में नक्सल मुठभेड़, दो नक्सली ढेर, बढ़ सकती है संख्या, गोलीबारी जारी..
Naxal Encounter In Bijapur
Naxal Encounter In Bijapur: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच जबरदस्त मुठभेड़ चल रही है। नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबल लगातार दबाव बनाए हुए हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, इस मुठभेड़ में जवानों ने दो नक्सलियों को मार गिराया है। वहीं दोनों ओर से रुक-रुककर गोलीबारी अभी भी जारी है।
गंगालूर इलाके में मुठभेड़
बीजापुर के गंगालूर क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच यह मुठभेड़ हो रही है। अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ में मारे गए नक्सलियों की संख्या बढ़ सकती है। जिले के एसपी जितेंद्र कुमार यादव लगातार इस पूरे अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
हाल ही में गरियाबंद में बड़ी कार्रवाई
इससे पहले गुरुवार को गरियाबंद जिले में भी जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। उस दौरान सुरक्षाबलों ने 10 नक्सलियों को ढेर कर बड़ा सफलता हासिल की थी। इस कार्रवाई में शीर्ष नक्सली नेता और सीसी मेंबर मनोज उर्फ मॉडेम बालकृष्ण भी मारा गया था। उस पर विभिन्न राज्यों में कुल 1 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।
छत्तीसगढ़ में लगातार चल रहे इन अभियानों से साफ है कि सुरक्षा बल नक्सली गतिविधियों को खत्म करने के लिए पूरी ताकत से काम कर रहे हैं।
