सीमेंट पर GST घटा: 30-35 रुपए प्रति बोरी तक होगी सस्ती!
सीमेंट
नई दिल्ली: हाल ही में जीएसटी दरों में किए गए बदलाव का असर सीमेंट की कीमतों पर दिख सकता है। एक नई रिपोर्ट के अनुसार, 50 किलो की सीमेंट बोरी के दाम में 30 से 35 रुपये तक की कमी आने की संभावना है। इससे निर्माण कार्य की लागत भी घटेगी।
अब सीमेंट पर 18% जीएसटी लगेगा
इंडिया रेटिंग्स एंड रिसर्च की रिपोर्ट में कहा गया है कि यह बदलाव सीमेंट उद्योग के लिए एक सकारात्मक कदम होगा।
22 सितंबर 2025 से सीमेंट पर लगने वाला जीएसटी 28% से घटाकर 18% कर दिया जाएगा। यह फैसला जीएसटी परिषद द्वारा लिए गए उस निर्णय का हिस्सा है, जिसमें मौजूदा कर ढांचे को सरल बनाकर दो स्लैब — 5% और 18% में बांटने की बात कही गई है।
घरों और इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स को मिलेगा फायदा
रेटिंग एजेंसी के अनुसार, कंपनियां यह कर कटौती का लाभ ग्राहकों को पास ऑन कर सकती हैं। इससे सीमेंट की कीमतों में कमी आएगी, जो आवासीय और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की कुल लागत को कम करेगा। हालांकि, सीमेंट कंपनियों की प्रति बोरी कमाई में कोई बड़ा बदलाव नहीं आने की संभावना जताई गई है।
डिमांड में रहेगा इज़ाफा
एजेंसी ने यह भी कहा है कि वित्त वर्ष 2025-26 में सीमेंट की मांग में 5-7% की वृद्धि बनी रहने की उम्मीद है। यानी निर्माण और विकास कार्यों में तेजी बनी रहेगी।
