RJD Leader Murder Case: पटना में सनसनीखेज वारदात, होटल में घुसकर RJD नेता राजकुमार राय की गोली मारकर हत्या

RJD Leader Murder Case

RJD Leader Murder Case

RJD Leader Murder Case: बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार देर शाम एक बड़ी आपराधिक वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने आरजेडी नेता और प्रॉपर्टी डीलर राजकुमार राय उर्फ आला राय की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। घटना इतनी भयावह थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए।

होटल तक घुसे हमलावर

पुलिस के मुताबिक, राजकुमार राय अपनी गाड़ी से घर के पास पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने के बाद राजकुमार राय पास के एक होटल में शरण लेने की कोशिश में अंदर भागे, लेकिन हमलावर उनका पीछा करते हुए होटल तक घुस गए और वहां कई राउंड फायरिंग की। गोलीबारी इतनी तेज थी कि होटल का फ्रिज तक टूट गया। पुलिस ने मौके से 6 खोखे बरामद किए हैं।

मौके पर ही मौत, परिजनों का गुस्सा

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घायल राजकुमार राय को पीएमसीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने बताया कि अपराधियों ने करीब 8-10 गोलियां चलाईं। मृतक की बहन शिला देवी ने कहा कि उनका भाई इस बार राघोपुर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा था। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो वे शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।

जांच में जुटी पुलिस

पटना पूर्वी एसपी परिचय कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच की और बताया कि हत्या के पीछे राजनीतिक रंजिश या प्रॉपर्टी विवाद की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की डीवीआर जब्त कर ली है और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

चुनाव से पहले बढ़ी सियासी सनसनी

बिहार में चुनाव नजदीक आते ही राजनीतिक हत्याओं की घटनाओं में इजाफा देखने को मिल रहा है। यह वारदात न केवल पटना बल्कि पूरे प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। अब सबकी नजरें पुलिस की जांच और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी पर टिकी हैं।

Youthwings