कोरबा में डबल मर्डर : गोलीकांड के बाद सड़क पर उतरे लोग, किया चक्का जाम

कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र के भिलाई बाजार में मंगलवार देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स (सीएफ) का जवान अचानक गुस्से में हथियार लेकर बाजार पहुंचा और दो लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

गोलियों की आवाज सुनकर बाजार में अफरा-तफरी मच गई, लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। सूचना मिलते ही हरदीबाजार और कोरबा पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया गया।

मृतकों के परिजनों ने आक्रोशित होकर स्वास्थ्य केंद्र और घटना स्थल के सामने चक्का जाम कर दिया। परिजनों की मांग है कि आरोपी को फांसी दी जाए और प्रशासन सख्त कार्रवाई करे।

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी की पहचान तेसराम बिंझवार (निवासी रलिया) के रूप में हुई है। उसने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी साली मदालसा और चाचा ससुर राजेश कुमार को रायफल से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।

इस गोलीकांड से पूरे जिले में सनसनी है। खास बात यह है कि घटना मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से ठीक पहले हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

 

Youthwings