Naxal News: बीजापुर में नक्सलियों का खूनी खेल, कांग्रेस कार्यकर्ता की बेरहमी से हत्या, बड़े भाई की भी हो चुकी है नक्सली वारदात में मौत
Naxal News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने एक बार फिर खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। उसूर थाना क्षेत्र के लिंगापुर गांव में नक्सलियों ने कांग्रेस कार्यकर्ता नागा भंडारी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। यह वारदात रविवार देर रात की बताई जा रही है, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
घर से उठाकर की गई हत्या
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माओवादी देर रात नागा भंडारी को उसके घर से जबरन उठाकर ले गए और कुछ दूरी पर धारदार हथियार से उसकी निर्मम हत्या कर दी। मृतक कांग्रेस पार्टी से जुड़ा हुआ था और क्षेत्र में सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जाना जाता था।
परिवार पर दूसरी बार नक्सली हमला
यह घटना उस वक्त और भी ज्यादा दर्दनाक हो जाती है जब यह सामने आता है कि मृतक नागा भंडारी के बड़े भाई तिरुपति भंडारी की भी 24 अक्टूबर 2024 को नक्सलियों ने हत्या कर दी थी। उस समय भी नक्सलियों ने दिनदहाड़े उसूर के पास तिरुपति की गोली मारकर हत्या की थी। अब एक ही परिवार को दूसरी बार निशाना बनाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हालांकि अभी तक पुलिस ने हत्या के पीछे नक्सली हाथ की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन घटनाक्रम और पूर्व वारदातों को देखते हुए नक्सलियों की संलिप्तता से इनकार नहीं किया जा रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
