Raipur Accident News: रायपुर में भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर और ट्रक की टक्कर में 13 की मौत, सभी महिलाएं और बच्चे, 11 घायल
Raipur Accident News
Raipur Accident News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना की खबर सामने आई है। रायपुर-बलौदा बाजार मार्ग पर सारागांव के पास रविवार देर रात एक ट्रेलर और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में सभी महिलाएं और बच्चे शामिल हैं, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस के मुताबिक, चटौद गांव का एक परिवार बंसरी गांव में आयोजित एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहा था। तभी खरोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत सारागांव के पास उनके ट्रक की एक ट्रेलर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक में सवार चार बच्चों और नौ महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
राहत व बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को त्वरित रूप से रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया
रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि जिला प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि अब तक 13 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और 11 लोग घायल हैं। साथ ही, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
