Nepal Gen Z Protest: सोशल मीडिया बैन के खिलाफ काठमांडू में भड़का जनाक्रोश, संसद भवन तक पहुंचे प्रदर्शनकारी, कर्फ्यू लागू
Nepal Gen Z Protest
काठमांडू | Nepal Gen Z Protest: नेपाल में सोशल मीडिया पर बैन लगने के बाद राजधानी काठमांडू की सड़कों पर जोरदार विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। खासकर Gen Z यूथ ने इस फैसले का जमकर विरोध किया और देखते ही देखते माहौल हिंसक हो गया। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने न्यू बानेश्वर इलाके में कर्फ्यू घोषित कर दिया है।
संसद भवन तक पहुंचे प्रदर्शनकारी
सोमवार को नेपाल की राजधानी काठमांडू के न्यू बानेश्वर स्थित संसद भवन परिसर के बाहर प्रदर्शनकारियों ने पहले शांतिपूर्ण विरोध की शुरुआत की थी। लेकिन थोड़ी देर बाद भीड़ ने पुलिस बैरिकेड तोड़ दिए और गेट पार कर संसद भवन के भीतर घुसने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई।
सोशल मीडिया बैन से भड़के युवा
नेपाल में हो रहे इन प्रदर्शनों की सबसे बड़ी वजह सोशल मीडिया पर लगाया गया प्रतिबंध है। प्रदर्शनकारियों में ज्यादातर युवा शामिल हैं, जो रोजाना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल करते हैं। उनका कहना है कि सरकार का यह कदम उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला है।
प्रशासन ने लगाया कर्फ्यू
स्थिति को काबू में करने के लिए काठमांडू डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन ऑफिस ने न्यू बानेश्वर इलाके में कर्फ्यू लगाने का आदेश जारी किया है। मुख्य जिला अधिकारी छाबीलाल रिजाल ने बताया कि कर्फ्यू सेक्शन 6 के तहत सोमवार दोपहर 12:30 बजे से रात 10 बजे तक लागू रहेगा।
माहौल तनावपूर्ण
कर्फ्यू लागू होने के बाद भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा है। संसद भवन और आस-पास के इलाकों को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
