Faridabad AC Blast: एसी ब्लास्ट से दर्दनाक हादसा, धुएं में घुटने से पति-पत्नी-बेटी और कुत्ते की मौत, बेटे ने कूदकर बचाई जान
Faridabad AC Blast
Faridabad AC Blast: फरीदाबाद की ग्रीन फील्ड कॉलोनी से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। देर रात मकान में लगे एसी के फटने से लगी आग में एक ही परिवार के तीन लोगों और उनके पालतू कुत्ते की मौत हो गई, जबकि परिवार का बेटा सेकंड फ्लोर से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचा पाया। हादसा शनिवार देर रात करीब 3 बजे हुआ।
एसी ब्लास्ट से लगी आग
जानकारी के अनुसार, ग्रीन फील्ड कॉलोनी के मकान नंबर 787 में रात 3 बजे फर्स्ट फ्लोर पर लगे एसी का कंप्रेसर फट गया। धमाके के साथ आग लग गई और देखते ही देखते घर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। आग की लपटों से फर्स्ट फ्लोर पर रह रहे दंपति ने बाहर निकलकर अपनी जान तो बचा ली, लेकिन दूसरी मंजिल पर धुआं भर गया। वहां सो रहे पूरे परिवार पर यह धुआं मौत बनकर टूटा।
परिवार के तीन सदस्य और पालतू कुत्ते की मौत
धुएं की वजह से दूसरी मंजिल पर सो रहे सचिन कपूर, उनकी पत्नी रिंकू कपूर और बेटी सुजान कपूर की दम घुटने से मौत हो गई। हादसे में उनका पालतू कुत्ता भी नहीं बच पाया। परिवार का बेटा उसी समय दूसरे कमरे में था। जब उसने हालात बिगड़ते देखे तो दूसरी मंजिल से कूद गया। हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पड़ोसी ने सुनाई घटना की दास्तान
स्थानीय निवासी मयंक ने बताया कि हादसे के वक्त जोरदार धमाके की आवाज आई थी। उनकी मां की नींद टूट गई और उन्होंने तुरंत घर के लोगों को बताया। जब पड़ोसी मदद के लिए दौड़े तब तक धुआं पूरे घर में फैल चुका था। दम घुटने से परिवार के तीन सदस्यों और पालतू कुत्ते की जान चली गई।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर फरीदाबाद के बादशाह खान सिविल अस्पताल भेज दिया। सभी शवों को मोर्चरी में रखा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर एसी ब्लास्ट कैसे हुआ।
