छत्तीसगढ़ में एक और बांध टूटा: गेरसा बांध टूटने से 30 एकड़ में लगी फसल बर्बाद ! , चिंता में किसान…
सरगुजा : छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी बारिश हो रही है, जिसमें बिलासपुर और सरगुजा संभाग भी शामिल हैं। हाल ही में बलरामपुर जिले में बारिश के कारण 40 साल पुराने लूतिया बांध के टूटने से आई बाढ़ में एक परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई थी। इसी कड़ी में अब सरगुजा जिले के गेरसा में बने गेरसा बांध का एक बड़ा हिस्सा टूट गया है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया है।
बांध टूटने की घटना और कारण
शनिवार सुबह करीब 9 बजे सरगुजा जिले के लुंड्रा विकासखंड के ग्राम पंचायत गेरसा में बने गेरसा बांध का अचानक एक बड़ा हिस्सा टूट गया। स्थानीय लोगों की जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की रात से ही बांध में रिसाव शुरू हो गया था। शनिवार सुबह तेज बहाव और बढ़े हुए जलस्तर के कारण बांध का एक हिस्सा टूट गया। हालांकि, सौभाग्य रहा कि बांध के आसपास कोई आवासीय क्षेत्र नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
फसलों को हुआ भारी नुकसान
बांध टूटने की वजह से करीब 30 एकड़ क्षेत्र में लगी फसल बर्बाद होने की संभावना है। खासकर लगभग 10 एकड़ में लगी धान की फसल पूरी तरह से खराब हो गई है। इस घटना से किसानों को भारी नुकसान हुआ है, जो इस बारिश के मौसम में उनके लिए चिंता का विषय बन गया है।
अधिकारीयों की प्रतिक्रिया और आगे की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एरिगेशन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल जलस्तर कम होने का इंतजार किया जाएगा, उसके बाद बांध की मरम्मत का काम शुरू किया जाएगा। यह बांध 1991-92 में बनाया गया था, लेकिन कई वर्षों से इसकी मरम्मत नहीं हुई थी।
ग्रामीणों की शिकायत
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार रात से बांध में रिसाव था और शनिवार सुबह खेत में जाकर देखा तो बांध के एक साइड गेट के पास सुराख बन चुका था, जो धीरे-धीरे बढ़कर टूट गया। यह घटना साफ़ तौर पर दर्शाती है कि बांधों की नियमित देखभाल और मरम्मत की कितनी ज़रूरत है, ताकि भारी बारिश के दौरान ऐसे हादसे रोके जा सकें।
