सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल हालत से मरीज बेहाल, टपकती छत और विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल

मैनपाट : सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मैनपाट स्थित कमलेश्वरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर हालत अब मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों के लिए सिरदर्द बन गई है। हालात ऐसे हैं कि अस्पताल भवन की छत से लगातार पानी टपक रहा है, जिससे इलाज कराने पहुंचे मरीजों और ड्यूटी पर तैनात स्टाफ को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

तीन-चार साल में ही उधड़ने लगा नया भवन

करीब तीन-चार साल पहले लाखों रुपये की लागत से इस नए अस्पताल भवन का निर्माण कराया गया था, लेकिन इतनी छोटी अवधि में ही इसकी गुणवत्ता सवालों के घेरे में आ गई है। जगह-जगह से छत से पानी रिस रहा है और दीवारें सीलन से भीग चुकी हैं। यह स्थिति भ्रष्टाचार और घटिया निर्माण कार्य की ओर साफ इशारा करती है।

विधायक ने की थी वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की घोषणा

सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने चार माह पूर्व अस्पताल परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में, DMF फंड से 26 लाख रुपए की लागत से वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की घोषणा की थी। उन्होंने इस बाबत सरगुजा कलेक्टर को भी सारी जानकारी दी थी। लेकिन चार महीने गुजर जाने के बावजूद न तो सिस्टम लगाया गया और न ही किसी प्रकार की ठोस पहल सामने आई।

बिजली रिसाव का खतरा, मरीजों की जान पर बन सकती है बात

अस्पताल में जहां-तहां सीलन और पानी का जमाव हो रहा है, वहीं विद्युत प्रवाह की आशंका से बड़ी दुर्घटना का खतरा भी मंडरा रहा है। लेकिन इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन की चुप्पी चिंता का विषय बनी हुई है।

पेवर ब्लॉक का काम भी अधर में

अस्पताल परिसर में पेवर ब्लॉक बिछाने की भी घोषणा की गई थी, लेकिन वह कार्य भी अब तक प्रारंभ नहीं हो पाया है। ऐसे में मरीजों को न सिर्फ उपचार संबंधी समस्याएं झेलनी पड़ रही हैं, बल्कि सुविधाओं के अभाव में उन्हें असुरक्षित वातावरण में इलाज कराना पड़ रहा है।

Youthwings