सीएम विष्णुदेव साय के आज के कार्यक्रम, भाजपा सेवा पखवाड़ा कार्यशाला आज, कांग्रेस की दो महत्वपूर्ण बैठकें, बेबीलोन टावर में भीषण आग, गणेश विसर्जन झांकी जुलूस को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
रायपुर। राजधानी रायपुर मंगलवार को कई राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों का गवाह बना। भाजपा और कांग्रेस दोनों दलों की अहम बैठकों और कार्यक्रमों के बीच बेबीलोन टावर में लगी भीषण आग ने हड़कंप मचा दिया। राहत की बात रही कि दमकल और रेस्क्यू टीम की तत्परता से सभी 47 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं जिला प्रशासन ने आगामी गणेश विसर्जन और झांकी जुलूस को लेकर भी कड़े इंतजाम किए हैं।
भाजपा की कार्यशाला और सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम
भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री राधा मोहन दास अग्रवाल मंगलवार को रायपुर पहुंचे। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में सुबह 10:30 बजे सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम और एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन हुआ। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जाम्वाल और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस की दो बड़ी बैठकें
राजीव भवन में मंगलवार को कांग्रेस की दो महत्वपूर्ण बैठकें हुईं। दोपहर 12:30 बजे जिला अध्यक्षों की बैठक बुलाई गई, जबकि दोपहर 2 बजे से पीसीसी कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई। इन बैठकों में पीसीसी चीफ दीपक बैज समेत कार्यकारिणी सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे और आगामी रणनीति पर चर्चा की।
सीएम विष्णुदेव साय ने किया पावर कंपनियों के मुख्यालय का शिलान्यास
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर के सेक्टर-24 स्थित एनटीपीसी भवन के पास स्टेट पावर कंपनियों के संयुक्त मुख्यालय भवन का शिलान्यास किया। सुबह 10:30 बजे आयोजित समारोह की अध्यक्षता ऊर्जा मंत्री केदार कश्यप ने की। इस मौके पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बेबीलोन टावर में लगी भीषण आग
तेलीबांधा स्थित बेबीलोन टावर में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई। तीसरे माले के बी-विंग से शुरू हुई आग तेजी से फैलने लगी, जिससे बिल्डिंग के ए-विंग में स्थित सांगरिया रेस्टोरेंट और ऑफिसों में लोग फंस गए। करीब डेढ़ घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान में 47 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने बताया कि शीशे की बिल्डिंग होने से खतरा बढ़ गया था, लेकिन टीम की मुस्तैदी से सभी की जान बचाई जा सकी।
गणेश विसर्जन और झांकी को लेकर प्रशासन सतर्क
आगामी 8 सितंबर को होने वाले गणेश विसर्जन और झांकी जुलूस को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। कलेक्टोरेट स्थित रेडक्रॉस सभाकक्ष में हुई बैठक में एडीएम उमाशंकर बंदे और एएसपी लखन पटले ने आयोजकों को निर्देश दिए। बैठक में तय किया गया कि जुलूस में डीजे का प्रयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और सुरक्षा के लिए चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से अनुशासन बनाए रखने और यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।
