Priya Marathe Passed Away: टीवी एक्ट्रेस प्रिया मराठे का 38 साल की उम्र में निधन, कैंसर से हारी जिंदगी की जंग

Priya Marathe Passed Away

Priya Marathe Passed Away

Priya Marathe Passed Away: टीवी इंडस्ट्री से जुड़ी एक दुखद खबर सामने आई है। लोकप्रिय शो पवित्र रिश्ता में वंदू यानी वर्षा सतीश का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस प्रिया मराठे का 38 साल की उम्र में निधन हो गया है। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं और पिछले साल से लगातार इलाज चल रहा था। जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह मुंबई में उनका निधन हुआ।

प्रिया मराठे ने हिंदी और मराठी दोनों इंडस्ट्री में अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया था। कसम से सीरियल में विद्या बाली के किरदार से उन्होंने हिंदी टीवी में एंट्री की थी। इसके अलावा, वह कॉमेडी सर्कस के पहले सीजन में भी नजर आई थीं। हालांकि, उन्हें असली पहचान बालाजी टेलीफिल्म्स के मशहूर शो पवित्र रिश्ता से मिली। इस शो में उन्होंने अंकिता लोखंडे की ऑनस्क्रीन बहन का किरदार निभाया, जिसे दर्शकों ने बेहद पसंद किया।

इसके अलावा, वह बड़े अच्छे लगते हैं, भागे रे मन, जयास्तुते, भारत का वीर पुत्र महाराणा प्रताप और तू तिथे में जैसे शोज में भी नजर आईं।

निजी जीवन और करियर
23 अप्रैल 1987 को मुंबई में जन्मीं प्रिया मराठे ने अपनी पढ़ाई भी यहीं से पूरी की थी। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत मराठी सीरियल या सुखानोया से की थी। साल 2012 में उन्होंने एक्टर शांतनु मोघे से शादी की थी, जो मराठी के दिग्गज अभिनेता श्रीकांत मोघे के बेटे हैं।

बीमारी की वजह से प्रिया लंबे समय से पब्लिक लाइफ से दूर थीं। उनकी आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट साल 2023 में आई थी, जिसके बाद से वह सोशल मीडिया पर एक्टिव नहीं रहीं।

प्रिया मराठे के निधन से टीवी और फिल्म जगत में शोक की लहर है। उनके को-स्टार्स और फैंस लगातार उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

Youthwings