राजस्व विभाग में बड़ा घोटाला: भुइंया एप हैक कर सरकारी जमीन का फर्जी बंटवारा, 36 लाख रुपए का लोन भी निकाला गया

राजस्व विभाग

राजस्व विभाग

राजस्व विभाग में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है, जहां भुइंया एप को हैक कर पटवारी की आईडी का गलत इस्तेमाल किया गया। आरोपियों ने सरकारी जमीन को निजी बताकर फर्जी खसरा नंबर तैयार किया और उसी जमीन का बंटवारा कर बैंक से लोन निकाल लिया। इस मामले में नंदिनी पुलिस ने नन्द किशोर साहू को गिरफ्तार किया है।

जमीन का फर्जी बंटवारा और लोन का घोटाला

सूत्रों के मुताबिक, इस फर्जीवाड़े में लगभग 765 एकड़ सरकारी जमीन अलग-अलग लोगों के नाम कर दी गई है। जांच अभी भी जारी है। बताया जा रहा है कि लगभग दो महीने पहले पटवारी की आईडी हैक की गई थी, लेकिन हैकिंग किसने की, इसका पता नहीं चल पाया है।

पुलिस के अनुसार, पटवारी हल्का नंबर 16 के ग्राम अछोटी एवं मुरमुंडा (तहसील अहिवारा, जिला दुर्ग) के भुइंया सॉफ्टवेयर को अज्ञात आरोपियों ने हैक किया। फिर भारतीय स्टेट बैंक, नंदिनी नगर शाखा से फर्जी दस्तावेज बनाकर 36 लाख रुपए का लोन निकाला गया। इस षड़यंत्र में मुख्य आरोपी दिनू राम यादव (सुंदर नगर, रायपुर) और एसराम (अछोटी) शामिल हैं।

लोन निकालने का तरीका

असली खसरा नंबर के रकबे में छेड़छाड़ करके नए खसरा नंबर का निर्माण किया गया। मुख्य आरोपी दिनू राम यादव ने बैंक के कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी तरीके से लोन की रकम निकाल ली। इस रकम को विभिन्न खातों में ट्रांसफर किया गया, जिसमें से करीब 20,26,547 रुपए नन्द किशोर साहू के खाते में आए।

बड़ा सिंडिकेट सक्रिय

मामले की जांच में पता चला है कि यह फर्जीवाड़ा एक बड़े सिंडिकेट द्वारा किया जा रहा था। जल्द ही कई बड़े नामों के सामने आने की संभावना है। पुलिस ने बताया कि दिनू राम यादव ने 25 जून 2025 को एसबीआई नंदिनी टाउनशिप ब्रांच से 46 लाख रुपए का लोन लिया था, जबकि 2 जुलाई को एक अन्य व्यक्ति ने कुम्हारी ब्रांच से 36 लाख रुपए का लोन लिया।

चार गांवों में फैला फर्जीवाड़ा

फर्जीवाड़ा मुरमुंडा पटवारी हल्का के चार गांवों तक फैला हुआ है। मुरमुंडा में 75 हेक्टेयर सरकारी और 22 हेक्टेयर निजी जमीन, वहीं अछोटी में 45.304 हेक्टेयर सरकारी और 27.087 हेक्टेयर निजी जमीन पर कब्जा किया गया है।

Youthwings