वंदे भारत ट्रेन की सफाई के दौरान बड़ा हादसा: OHE लाइन से झुलसे कर्मचारी की मौत , ग्रामीणों में आक्रोश,अस्पताल व रेलवे दफ्तरों की सुरक्षा कड़ी
बिलासपुर रेलवे कोचिंग डिपो में शनिवार को वंदे भारत ट्रेन की सफाई के दौरान हुए गंभीर हादसे में झुलसे कर्मचारी ने आखिरकार जिंदगी की जंग हार दी। अपोलो अस्पताल में भर्ती कर्मचारी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। करंट लगने से बुरी तरह झुलसे इस कर्मचारी की हालत पहले से ही गंभीर बनी हुई थी। जैसे ही मौत की खबर सामने आई, अस्पताल में भारी संख्या में ग्रामीण जुटने लगे, जिससे हालात तनावपूर्ण हो गए।
स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, वहीं रेलवे के अधिकारियों के कार्यालयों और आवासों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। आरपीएफ और जिला पुलिस की निगरानी में अस्पताल परिसर और प्रमुख रेलवे प्रतिष्ठानों को कवर किया गया है।
हादसा कैसे हुआ?
शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर स्थित कोचिंग डिपो में यह हादसा हुआ। वंदे भारत ट्रेन (कोच नंबर 151356) में लीकेज की समस्या थी। इस जांच के लिए कुमार इंजीनियरिंग भिलाई से आए दो निजी कर्मचारी कोच की छत पर चढ़े थे। इन्हीं में से एक, जांजगीर-चांपा के मुलमुला निवासी प्रताप बर्मन, ओवरहेड इलेक्ट्रिक लाइन (OHE) की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया।
70-80 प्रतिशत तक झुलसे प्रताप को पहले रेलवे अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां से उसे सिम्स रेफर किया गया, फिर हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अपोलो अस्पताल ले गए। कई दिनों तक इलाज के बाद सोमवार को उसकी मौत हो गई।
लापरवाही से गया एक जीवन
हादसे के बाद यह सवाल खड़े हो गए कि ओएचई लाइन दोबारा चालू होने की जानकारी प्रताप को क्यों नहीं दी गई। सफाई के बाद लाइन चालू कर दी गई थी, लेकिन ट्रेन की छत पर छूटे सामान को लेने के लिए प्रताप जब ऊपर चढ़ा, तो करंट की चपेट में आ गया। ये घटना सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर चूक को दर्शाती है।
ग्रामीणों का विरोध और DRM कार्यालय पर फिर संकट
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने डीआरएम से इलाज में मदद की गुहार लगाई थी, लेकिन इलाज की जिम्मेदारी से इंकार करने पर गुस्साए ग्रामीणों ने डीआरएम कार्यालय का घेराव किया था। अब प्रताप की मौत के बाद यह गुस्सा और भड़क सकता है। प्रशासन को दोबारा विरोध प्रदर्शन की आशंका है, इसलिए रेलवे दफ्तरों और वरिष्ठ अधिकारियों के घरों की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है।
