छत्तीसगढ़ में अब शराब की खरीद होगी कैशलेस, मंत्री ने दिए सख्त निर्देश

रायपुर। अगर आप शराब खरीदने के लिए कैश साथ ले जा रहे हैं, तो अब सावधान हो जाइए। प्रदेश के नवनियुक्त आबकारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राज्य की सभी शराब दुकानों में 100 प्रतिशत कैशलेस ट्रांजेक्शन व्यवस्था लागू की जाएगी।

नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) में हुई समीक्षा बैठक में मंत्री देवांगन ने आबकारी विभाग, बेवरेजेस कॉर्पोरेशन और स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारियों से विभागीय कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान आबकारी सचिव आर. शंगीता भी मौजूद रहीं।

बैठक में विभाग की दुकानों की संख्या, शराब की ब्रांड, कीमत, राजस्व प्राप्ति और डिस्टलरी की स्थिति पर प्रस्तुति दी गई। मंत्री ने निर्देश दिया कि सभी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाकर 24 घंटे मुख्यालय से निगरानी की जाए।

उन्होंने साफ कहा कि फार्महाउस पार्टियों पर कड़ी नजर रखी जाए, क्योंकि वहां अक्सर बाहर से लाई गई शराब के इस्तेमाल की शिकायतें मिलती हैं। साथ ही, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप अवैध मदिरा और मादक पदार्थों के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मंत्री ने अंतर्राज्यीय सीमाओं पर जांच चौकियों में सतर्कता बढ़ाने और विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया। बैठक में विभाग के आला अधिकारी भी शामिल रहे।

Youthwings