दिल्ली से निकलेगा रूस-यूक्रेन शांति का रास्ता? जेलेंस्की और पुतिन दोनों करेंगे भारत दौरा

रूस और यूक्रेन के बीच साढ़े तीन साल से जारी युद्ध को खत्म करने की कोशिशों के बीच अब भारत की भूमिका अहम होती दिख रही है। यूक्रेन के राजदूत ओलेक्सांद्र पोलिशचुक ने जानकारी दी है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की जल्द ही भारत का दौरा कर सकते हैं। हालांकि अभी उनकी यात्रा की सटीक तारीख तय नहीं हुई है, लेकिन दोनों देशों के बीच बातचीत जारी है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पहल और अलास्का में हुई उनकी पुतिन से ऐतिहासिक मुलाकात के बावजूद अब तक इस युद्ध का कोई ठोस समाधान सामने नहीं आया है। ऐसे में जेलेंस्की की भारत यात्रा की खबरों से यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या दिल्ली से रूस-यूक्रेन के बीच शांति का रास्ता निकल सकता है।

पुतिन भी आएंगे भारत

जेलेंस्की के भारत दौरे की तारीख तय होने पर मंथन जारी है, वहीं दूसरी तरफ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी इस साल भारत का दौरा करने वाले हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने मॉस्को यात्रा के दौरान यह जानकारी दी थी कि पुतिन साल के अंत में भारत आएंगे। भारत-रूस के रिश्ते काफी मजबूत हैं, वहीं भारत और यूक्रेन के संबंध भी सकारात्मक रहे हैं। ऐसे में दोनों देशों के राष्ट्रपतियों के दौरे से शांति वार्ता का कोई नया फॉर्मूला निकलने की संभावना जताई जा रही है।

रणनीतिक साझेदारी में नई उम्मीद

भारत में यूक्रेन के राजदूत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति जेलेंस्की के बीच हुई पिछली मुलाकातों के बाद भविष्य की रणनीतिक साझेदारी की नींव रखी गई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने जेलेंस्की को भारत आने का निमंत्रण दिया था। अगर यह दौरा होता है तो यह दोनों देशों के द्विपक्षीय रिश्तों के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।

राजदूत पोलिशचुक ने कहा, “दोनों देश सही तारीख तय करने की कोशिश कर रहे हैं। हमें विश्वास है कि राष्ट्रपति जेलेंस्की भारत आएंगे और यह हमारे संबंधों को नई दिशा देगा।”

अब दुनिया की नज़र इस बात पर टिकी है कि क्या भारत से रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया जा सकता है।

Youthwings