PM Modi Bihar Visit: पीएम मोदी का बिहार और बंगाल दौरा, हजारों करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे शुभारंभ

PM Modi Bihar Visit

PM Modi Bihar Visit

PM Modi Bihar Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शुक्रवार) बिहार और पश्चिम बंगाल का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान वह दोनों राज्यों को बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

बिहार में पीएम मोदी का कार्यक्रम
पीएम मोदी सबसे पहले सुबह 11 बजे गया पहुंचेंगे, जहां लगभग 13 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इनमें गंगा नदी पर बने औंटा-सिमरिया पुल का लोकार्पण और बक्सर थर्मल पावर प्लांट (6,880 करोड़ रुपये) का उद्घाटन शामिल है, जिससे 660 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ेगी।

इसके साथ ही, पीएम मोदी गया से दिल्ली तक चलने वाली अमृत भारत एक्सप्रेस और वैशाली से कोडरमा तक की बुद्ध सर्किट ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वह मुजफ्फरपुर में होमी भाभा कैंसर अस्पताल का भी उद्घाटन करेंगे, जो कैंसर मरीजों के लिए उन्नत इलाज की सुविधा प्रदान करेगा। इसके अलावा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-31 (बख्तियारपुर-मोकामा, 1,900 करोड़ रुपये) के उन्नयन और नमामि गंगे से जुड़ी सीवेज ट्रीटमेंट परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे। साथ ही, प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत लाभार्थियों को आवास की चाबियां भी सौंपेंगे।

पश्चिम बंगाल में पीएम मोदी का कार्यक्रम
शाम करीब 4:15 बजे प्रधानमंत्री कोलकाता पहुंचेंगे, जहां वह जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन से अपने कार्यक्रम की शुरुआत करेंगे। यहां से वह नौपारा से जय हिंद एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन के बीच चलने वाली मेट्रो सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे और खुद मेट्रो की सवारी भी करेंगे।

इसके बाद पीएम मोदी दमदम के सेंट्रल जेल ग्राउंड में 5,200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली कई परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बंगाल में कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करना है। शाम 5:30 बजे प्रधानमंत्री दमदम में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

प्रधानमंत्री का यह दौरा दोनों राज्यों में बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य सेवाओं, ऊर्जा उत्पादन और परिवहन नेटवर्क को नई दिशा देने वाला माना जा रहा है।

Youthwings