Russia-Ukraine War: जेलेंस्की ने रखी कड़ी शर्त, ट्रंप का चौंकाने वाला पोस्ट, व्हाइट हाउस में होगी अहम मुलाकात

Russia-Ukraine War

Russia-Ukraine War

Russia-Ukraine War: रूस और यूक्रेन के बीच तीन साल से जारी युद्ध में अब नए मोड़ की संभावना बन रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार इस युद्ध को रोकने के प्रयास कर रहे हैं। अलास्का में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से लंबी बातचीत के बाद अब ट्रंप आज सोमवार को व्हाइट हाउस में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मिलेंगे। यह मुलाकात बेहद अहम मानी जा रही है, लेकिन इससे पहले ट्रंप का सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बन गया है।

जेलेंस्की की शर्तें

व्हाइट हाउस की बैठक से पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के साथ शांति वार्ता को लेकर अपनी शर्तें स्पष्ट कर दी हैं। उन्होंने कहा है कि वे अपनी क्षेत्रीय अखंडता और संप्रभुता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करेंगे। उनकी मांग है कि बातचीत वर्तमान मोर्चे की रेखा (frontline) से ही शुरू होनी चाहिए।

ट्रंप का पोस्ट

जेलेंस्की की इन शर्तों के बाद ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा—
“यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की चाहें तो युद्ध लगभग तुरंत ख़त्म हो सकता है, या फिर इसे आगे बढ़ाया जा सकता है। याद रखिए कि यह युद्ध कैसे शुरू हुआ था। ओबामा को क्रीमिया कभी वापस नहीं मिला (12 साल पहले, बिना एक भी गोली चले) और यूक्रेन नाटो का सदस्य भी नहीं बना। कुछ चीजें कभी नहीं बदलतीं!”

इस पोस्ट ने वैश्विक राजनीति में हलचल मचा दी है।

नाटो और यूरोपीय नेताओं की मौजूदगी

आज की बैठक में केवल जेलेंस्की ही नहीं, बल्कि कई यूरोपीय देशों के नेता भी व्हाइट हाउस में मौजूद रहेंगे। बताया जा रहा है कि ट्रंप ने खुद लिखा था—
“कल व्हाइट हाउस में बड़ा दिन है। इतने सारे यूरोपीय नेताओं की मौजूदगी मेरे लिए गर्व की बात है।”

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मुलाकात का उद्देश्य जेलेंस्की की स्थिति को मजबूत करना है, क्योंकि अलास्का वार्ता में ट्रंप और पुतिन की मुलाकात किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंची थी।

पुतिन-ट्रंप की मुलाकात रही बेनतीजा

अलास्का में करीब तीन घंटे तक चली पुतिन-ट्रंप वार्ता किसी ठोस निष्कर्ष तक नहीं पहुंच पाई। पुतिन ने संघर्षविराम पर अपनी राय तो रखी, लेकिन किसी तरह का समझौता नहीं हुआ। इसके बाद अब सारी निगाहें ट्रंप और जेलेंस्की की बैठक पर टिकी हुई हैं, जहां यह देखा जाएगा कि क्या रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की दिशा में कोई बड़ा कदम उठाया जा सकता है।

Youthwings