रायपुर: छत्तीसगढ़ में साइबर ठगी और डिजिटल धोखाधड़ी के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने एक बड़ी पहल की है। शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास परिसर से एसबीआई साइबर सतर्कता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस मौके पर उन्होंने राज्य स्तरीय साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि डिजिटल युग में तकनीक ने जहां जीवन को सरल बनाया है, वहीं इसके साथ-साथ साइबर अपराध भी तेज़ी से बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता बरतकर आम लोग अपने मेहनत की कमाई को साइबर ठगों से सुरक्षित रख सकते हैं।
29 साइबर ठगी हॉटस्पॉट पर रहेगा रथ का विशेष फोकस
इस अभियान के अंतर्गत तैयार की गई ऑडियो-वीडियो वैन (साइबर रथ) राज्य के 33 जिलों का दौरा करेगी। नुक्कड़ नाटक, कठपुतली शो और ऑडियो-विजुअल माध्यमों से आमजन को साइबर अपराध के तरीकों और बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। खास बात यह है कि प्रदेश में चिन्हित किए गए 29 साइबर ठगी हॉटस्पॉट पर रथ की विशेष पहुंच रहेगी।
सीएम की अपील: अपनी बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें
मुख्यमंत्री ने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपने बैंक अकाउंट, पासवर्ड और ओटीपी जैसी संवेदनशील जानकारियां किसी से साझा न करें और अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी हर दिन नए तरीके से लोगों को फंसाने की कोशिश करते हैं, ऐसे में जागरूक रहना ही सबसे बड़ी सुरक्षा है।
SBI का 15 अगस्त से 30 नवंबर तक चलेगा विशेष अभियान
भारतीय स्टेट बैंक (SBI) द्वारा शुरू किया गया यह साइबर सुरक्षा अभियान 15 अगस्त से 30 नवंबर 2025 तक संचालित किया जाएगा। SBI अधिकारियों ने बताया कि लोगों को डिजिटल धोखाधड़ी और अनधिकृत लेन-देन से बचाने के लिए यह अभियान राज्य भर में चलाया जा रहा है।
साइबर धोखाधड़ी की शिकायत के लिए 1930 पर करें कॉल
ऑनलाइन फ्रॉड या साइबर ठगी की स्थिति में लोग राष्ट्रीय हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके तत्काल शिकायत दर्ज कर सकते हैं।
इस मौके पर SBI के वरिष्ठ अधिकारी डीजीएम राकेश सिन्हा, एजीएम दीपक कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।