15 अगस्त को ‘मौत का खेल’ खेलने पुलिस को दी चुनौती, 9 स्टंटबाज सलाखों के पीछे

रायपुर। स्वतंत्रता दिवस से पहले सोशल मीडिया पर खतरनाक स्टंट करने का ऐलान करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया। एक वायरल वीडियो में बाइकर्स ने 15 अगस्त को नया रायपुर (NSR) की सड़कों पर जोखिम भरे करतब दिखाने की चुनौती दी थी, जिसे रायपुर पुलिस ने कानून-व्यवस्था के लिए खतरा मानते हुए तुरंत कार्रवाई की। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और मंदिर हसौद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने 9 स्टंटबाजों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, साथ ही 7 दोपहिया वाहन जब्त किए गए।

वीडियो में कुछ युवक बाइक पर खतरनाक स्टंट और लड़कियों को बैक सीट पर ‘कट’ मारते नजर आए। कैप्शन में लिखा था—”15 अगस्त कमिंग सून” और बैकग्राउंड में बज रहा था गाना—”मैं हूं डॉन”। एक इंस्टाग्राम यूजर ‘आदर्श राइडर’ ने अपनी स्टोरी में लिखा—”मिलो 15 को NSR की पब्लिक, खेलते हैं फिर मौत का खेल”।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

  • सागर भारती (22) – ग्राम छतौना, थाना मंदिर हसौद
  • शेखर निषाद (24) – परसदा, थाना अभनपुर
  • दानिश कुरैशी (18) – बरौंडा बाजार, थाना कोतवाली महासमुंद
  • मुकेश चंद्राकर (21) – रामेश्वर नगर भनपुरी, थाना खमतराई
  • विशाल चंद्रवंशी उर्फ विक्की (23) – सिलतरा, थाना धरसींवा
  • एवज देवांगन उर्फ एजे (21) – बीरगांव, थाना उरला
  • तुषार निषाद (21) – ग्राम अछोली, थाना उरला
  • रवि बैरागी (24) – अशोक नगर, थाना गुढ़ियारी
  • टिकेश्वर साहू (23) – डॉ. राजेंद्र नगर, थाना उरला

पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान काटते हुए आरोपियों को प्रतिबंधात्मक धाराओं में जेल भेज दिया।

पुलिस की अपील:
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सड़क पर किसी भी तरह का खतरनाक स्टंट न करें, जिससे खुद और दूसरों की जान खतरे में पड़ सकती है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया में सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें।

Youthwings