सेंट्रल GST टीम की रायपुर में कार्रवाई, मोबाइल कारोबार से जुड़ी तीन कंपनियों पर छापा
GST
रायपुर: केंद्रीय GST विभाग ने राजधानी रायपुर में टैक्स चोरी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। विभाग की टीम ने मोबाइल व्यापार से जुड़ी तीन कंपनियों पर छापेमारी की कार्रवाई को अंजाम दिया, जहां करोड़ों रुपये के फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का मामला उजागर हुआ है।
करोड़ों के फर्जी ITC का खुलासा:
विश्वसनीय सूत्रों के मुताबिक, ये कंपनियां फरीदाबाद स्थित मेसर्स बालाजी मोबाइल एडिशन से जुड़े एक नेटवर्क के जरिए फर्जी बिलिंग और इनपुट टैक्स क्रेडिट घोटाले में शामिल थीं। जांच के दौरान यह सामने आया कि इन कंपनियों ने बालाजी मोबाइल एडिशन के नाम पर बनाए गए फर्जी चालानों के आधार पर करीब 4 करोड़ रुपये का अवैध ITC लिया।
98 लाख रुपये की राशि DRC-03 फॉर्म के जरिए जमा :
अब तक इन कंपनियों द्वारा 98 लाख रुपये की राशि DRC-03 फॉर्म के जरिए जमा कराई जा चुकी है, जबकि शेष टैक्स, ब्याज और जुर्माने की रकम जल्द अदा करने का भरोसा जताया गया है।
यह कार्रवाई केंद्रीय जीएसटी के प्रिंसिपल कमिश्नर पराग बोलकर, जॉइंट कमिश्नर बी.एन. संदीप और असिस्टेंट कमिश्नर मिर्जा शाहिद बेग के निर्देशन में की गई। लगभग 10 अधिकारियों की टीम ने छापेमारी में शामिल होकर जरूरी दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों को जब्त किया है।
