स्वतंत्रता दिवस समारोह में ‘ऑपरेशन सिंदूर’ थीम पर सजेगा छत्तीसगढ़ी संस्कृति और देशभक्ति का रंग, 700 से अधिक स्कूली बच्चे देंगे प्रस्तुति
स्वतंत्रता दिवस
रायपुर। इस साल रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने जा रहे स्वतंत्रता दिवस समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की थीम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रखी गई है। कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्कूली बच्चों ने सोमवार से अभ्यास की शुरुआत कर दी है। लगभग 700 छात्र-छात्राएं तीन निजी स्कूलों से समारोह में भाग लेंगे और अपने रंगारंग प्रस्तुतियों से देशभक्ति और पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति को जीवंत करेंगे।
ऑपरेशन सिंदूर: थीम में समाएगा शौर्य और बलिदान
कार्यक्रम संयोजक एवं गोगांव गवर्नमेंट स्कूल के प्राचार्य रमाकांत झा ने बताया कि इस बार की प्रस्तुति का फोकस ‘ऑपरेशन सिंदूर’ रहेगा। मदर्स प्राइड स्कूल, सालेम इंग्लिश स्कूल और लक्ष्मीनारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थी इसमें भाग ले रहे हैं। मदर्स प्राइड स्कूल की छात्राएं उन वीर सैनिकों की वीरगाथा पर आधारित नृत्य और गीत प्रस्तुत करेंगी, जिन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे अभियानों में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
आंगादेव और आदिवासी शहीदों को समर्पित प्रस्तुति
लक्ष्मीनारायण कन्या विद्यालय की 250 छात्राएं आदिवासी वीरों के बलिदान और छत्तीसगढ़ी लोकसंस्कृति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति देंगी। बस्तर के आंगादेव, माड़िया, सरहुल, राऊत नाचा, और पर्रा नृत्य के माध्यम से आदिवासी समाज की देशभक्ति और सांस्कृतिक धरोहर को मंच पर उतारा जाएगा। इनकी प्रस्तुति का गीत “भारत मां के दुलरवा बेटा, दिए बलिदान आज…” राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत होगा।
लोकगीतों से सजेगा रंगमंच:
सालेम इंग्लिश स्कूल के 250 बच्चों का दल सुआ, करमा, और पंथी नृत्य जैसी पारंपरिक छत्तीसगढ़ी लोककलाओं को छत्तीसगढ़ी वेशभूषा में प्रस्तुत करेगा। स्कूल के सांस्कृतिक प्रभारी प्रीति यादव, रुपिका और अन्य 5 शिक्षक मिलकर बच्चों को तैयारी करवा रहे हैं। ये प्रस्तुतियां छत्तीसगढ़ के विविध रंगों और लोकधुनों को उत्सव का हिस्सा बनाएंगी।
प्रतिदिन अभ्यास, तीन घंटे की मेहनत
सभी स्कूली प्रतिभागी छात्र-छात्राएं प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक पुलिस परेड ग्राउंड में रिहर्सल कर रहे हैं। सांस्कृतिक प्रभारी शिक्षक बच्चों को नृत्य की लय, वेशभूषा, गीत और मंचीय प्रस्तुति की बारीकियों का प्रशिक्षण दे रहे हैं।
