पाक सेना प्रमुख असीम मुनीर पर ओवैसी का हमला, बोले- ‘सड़कछाप आदमी’ की तरह दे रहे धमकी…
नई दिल्ली/हैदराबाद। एआईएमआईएम प्रमुख और हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर के हालिया परमाणु हमले की धमकी पर कड़ा प्रहार किया है। ओवैसी ने मुनीर के बयान को निंदनीय बताते हुए उन्हें ‘सड़कछाप आदमी’ तक कह डाला। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी सेना और उसके डीप स्टेट से लगातार खतरे को देखते हुए भारत को अपना रक्षा बजट बढ़ाना चाहिए ताकि हर परिस्थिति के लिए तैयार रहा जा सके।
ओवैसी का बयान – अमेरिका से भारत को धमकी पर नाराजगी
ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान आर्मी चीफ द्वारा भारत को दी जा रही धमकी बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है, खासकर तब जब यह बयान अमेरिका में दिया गया, जो भारत का रणनीतिक साझेदार है। उन्होंने कहा, “असीम मुनीर सड़कछाप आदमी की तरह बोल रहे हैं। हमें इस खतरे को गंभीरता से लेकर अपने रक्षा संसाधनों को मजबूत करना होगा।”
क्या बोले थे असीम मुनीर?
पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर ने अमेरिका के फ्लोरिडा के टैम्पा में आयोजित अमेरिकी केंद्रीय कमान (CENTCOM) के कमांडर जनरल माइकल कुरिल्ला के सेवानिवृत्ति समारोह में भारत को खुली धमकी दी। उन्होंने कहा, “हम एक परमाणु संपन्न राष्ट्र हैं। अगर पाकिस्तान डूबा तो आधी दुनिया को अपने साथ ले डूबेगा।”
मुनीर ने भारत को चेतावनी देते हुए कहा कि वह सिंधु नदी पर बांध नहीं बनाने देंगे। “अगर भारत ने बांध बनाया तो हम उसे 10 मिसाइलों से तबाह कर देंगे। सिंधु नदी भारतीयों की पारिवारिक संपत्ति नहीं है और हमारे पास मिसाइलों की कमी नहीं है।” उन्होंने यहां तक कहा कि पाकिस्तान भारत पर परमाणु हमला पूर्वी क्षेत्र से शुरू करेगा और फिर पश्चिम की ओर बढ़ेगा, जहां भारत के महत्वपूर्ण संसाधन हैं।
भारत का सख्त पलटवार
मुनीर के बयान पर भारत ने कड़ा रुख अपनाया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “भारत परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाता रहेगा।” उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तान में सेना आतंकवादी समूहों के साथ मिली हुई है और वहां की परमाणु कमान और नियंत्रण की अखंडता पर गहरी शंकाएं हैं। जायसवाल ने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय समुदाय इन गैरजिम्मेदाराना टिप्पणियों से खुद निष्कर्ष निकाल सकता है।”
