सहकारी बैंक शाखा प्रबंधक से किसान ने की मारपीट: भड़के बैंक कर्मी, गिरफ्तारी को लेकर प्रदर्शन की दी चेतावनी
अंबिकापुर: छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में स्थित शंकरगढ़ सहकारी समिति में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक किसान ने बैंक में घुसकर शाखा प्रबंधक से मारपीट कर दी। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया है। घटना के विरोध में बैंक कर्मचारी शुक्रवार को आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
कैश की किल्लत से परेशान किसान
एक ओर जहां किसानों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है, वहीं दूसरी ओर कोरबा जिले से भी कैश संकट की शिकायतें सामने आ रही हैं। किसानों का कहना है कि: उन्होंने धान की बिक्री के बाद बैंक खातों में राशि तो पाई है, लेकिन अब जब वे बैंक से पैसे निकालने जा रहे हैं, तो सहकारी बैंकों में कैश की भारी कमी के कारण उन्हें घंटों कतार में खड़े रहकर भी नकद नहीं मिल पा रहा। कई किसान सुबह से शाम तक हाथ में फॉर्म लेकर इंतज़ार करते हैं, लेकिन अंत में मायूस होकर लौटना पड़ता है।
एक लाख निकालना चाहते, मिल रहे हैं सिर्फ 20–25 हज़ार
कुछ किसानों ने बताया कि वे अपने खातों से एक से दो लाख रुपए निकालना चाहते हैं, जो उन्होंने धान बेचकर कमाया है, लेकिन उन्हें अधिकतम ₹20,000–₹25,000 तक ही भुगतान मिल पा रहा है। इससे किसानों में नाराज़गी बढ़ती जा रही है और बैंकों में रोजाना तनावपूर्ण माहौल बन रहा है।
कर्मचारी समाधान देने में असफल
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि उच्च स्तर पर नकदी की आपूर्ति में कमी के चलते यह समस्या बनी हुई है। हालांकि वे खुद भी किसानों की स्थिति को लेकर चिंतित हैं, लेकिन कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है।
