New CG Vidhan Sabha Building: नए विधानसभा भवन का लोकार्पण राज्योत्सव पर संभव, सीएम विष्णुदेव साय और स्पीकर डॉ. रमन सिंह ने किया निरीक्षण
New CG Vidhan Sabha Building
रायपुर। New CG Vidhan Sabha Building: नवा रायपुर में बन रहा छत्तीसगढ़ का नया विधानसभा भवन अब अपने अंतिम चरण में है। शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने स्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य हर हाल में सितंबर 2025 तक पूरा हो जाना चाहिए, ताकि इसे 1 नवंबर को राज्योत्सव के अवसर पर जनता को समर्पित किया जा सके।
पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बताया कि छत्तीसगढ़ इस साल रजत जयंती वर्ष मना रहा है, ऐसे में यह विधानसभा भवन एक ऐतिहासिक तोहफा होगा। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया गया है और उनके करकमलों से भवन का लोकार्पण प्रस्तावित है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सदन, अध्यक्ष कक्ष, मुख्यमंत्री कक्ष और पूरे परिसर का अवलोकन किया गया है। उन्होंने भरोसा जताया कि निर्धारित समय पर भव्य भवन का विधिवत उद्घाटन होगा।
सांस्कृतिक और आधुनिकता का संगम
नए विधानसभा भवन में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान, पारंपरिक वास्तुकला और आधुनिक सुविधाओं का सुंदर समावेश किया गया है। भवन को तीन हिस्सों में बांटा गया है:
-
विंग-ए: विधानसभा सचिवालय
-
विंग-बी: मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय, विधानसभा सदन और सेंट्रल हॉल
-
विंग-सी: उप मुख्यमंत्रियों और अन्य मंत्रियों के कार्यालय
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि नया विधानसभा भवन केवल प्रशासनिक संरचना नहीं बल्कि छत्तीसगढ़ की भव्यता और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक बनेगा।
52 एकड़ में भव्य परिसर
यह नया विधानसभा भवन 52 एकड़ क्षेत्र में बन रहा है। इसकी खासियतें इस प्रकार होंगी:
-
सदन में 200 विधायकों के बैठने की क्षमता
-
500 दर्शकों की क्षमता वाला अत्याधुनिक ऑडिटोरियम
-
लगभग 700 वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था
-
दो बड़े सरोवर, प्रत्येक डेढ़ एकड़ में विकसित किए जा रहे हैं
निर्माण पूर्ण होने के बाद यह भवन न केवल छत्तीसगढ़ की पहचान को नई ऊंचाई देगा बल्कि अपनी विशिष्ट स्थापत्य शैली और उन्नत सुविधाओं के कारण देशभर में एक मिसाल बनेगा।
निरीक्षण में रहे कई अधिकारी मौजूद
निरीक्षण के दौरान अजय जामवाल, पवन साय, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
