संत प्रेमानंद महाराज को मिली जान से मारने की धमकी, बयान को लेकर मचा बवाल
मथुरा। वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी गई है। यह धमकी सतना निवासी एक युवक शत्रुघ्न सिंह ने फेसबुक पोस्ट के जरिए दी, जिसमें उसने लिखा कि अगर कोई मेरे घर के बारे में बोलता तो चाहे वो प्रेमानंद हो या कोई और, उसका गला काट देता। यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है और इसे लेकर हिंदू संगठनों और संत समाज में भारी रोष व्याप्त है।
सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट से मचा हड़कंप
शत्रुघ्न सिंह की पोस्ट ने सोशल मीडिया पर हंगामा मचा दिया है। पोस्ट में प्रेमानंद महाराज के प्रति तीखी टिप्पणी करते हुए उन्होंने सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी दी, जिससे साधु-संतों और उनके अनुयायियों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।
हिंदू संगठनों की तीखी प्रतिक्रिया
इस मामले में श्री कृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलारी बाबा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अगर कोई व्यक्ति प्रेमानंद महाराज की ओर आंख उठाकर भी देखेगा तो हम उसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।” उन्होंने सरकार से ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, संत प्रेमानंद महाराज ने हाल ही में युवाओं के पहनावे और आचरण को लेकर एक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि आजकल बच्चे-बच्चियां ब्रेकअप और नए संबंधों के चक्र में फंसे हुए हैं। उन्होंने इसे “व्यवहार से व्यभिचार” की ओर बढ़ता कदम बताया और कहा कि जब एक व्यक्ति कई रिश्तों का आदी हो जाता है तो वह एक संबंध में संतुष्ट नहीं रह पाता।
उनके इस बयान को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है। कई लोग इसे महिलाओं के खिलाफ बताते हुए उनकी आलोचना कर रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग संत के समर्थन में भी सामने आए हैं। इसी बीच उन्हें धमकी मिलने की खबर ने विवाद को और गहरा कर दिया है।
अब पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी
इस मामले के बढ़ते विवाद और वायरल पोस्ट को देखते हुए अब यह देखना होगा कि पुलिस प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वालों पर क्या सख्त कदम उठाए जाते हैं।
