कांग्रेस ने की जिला प्रभारियों की सूची जारी, देखें किसे मिली कहां की कमान
रायपुर। कांग्रेस हाईकमान के निर्देश पर छत्तीसगढ़ में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आदेश के बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष दीपक बैज ने सभी 33 जिलों में जिला प्रभारियों की नियुक्ति कर दी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य मंडल और सेक्टर कमेटियों का पुनर्गठन करना है, जिससे पार्टी की जमीनी पकड़ और मज़बूत हो सके।
इस नई नियुक्ति सूची में कई प्रमुख नेताओं को बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। पूर्व मंत्री शिव डहरिया को रायपुर शहर और ग्रामीण का प्रभारी बनाया गया है। वहीं, मोहम्मद अकबर को बलौदाबाजार, रविंद्र चौबे को दुर्ग-भिलाई, उमेश पटेल को बिलासपुर और मोहन मरकाम को जगदलपुर का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इन सभी नेताओं को उनके-उनके जिलों में जाकर संगठनात्मक ढांचे को नए सिरे से खड़ा करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
क्या है जिम्मेदारी?
जिला प्रभारी अपने-अपने जिलों में जाकर जिला कार्यकारिणी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी और विभिन्न मोर्चा संगठनों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद वे मंडल और सेक्टर स्तर पर कमेटियों का गठन करेंगे। इस प्रक्रिया के दौरान सांसद, पूर्व सांसद, विधायक, पूर्व विधायक और वरिष्ठ कांग्रेसजनों से परामर्श लेना अनिवार्य किया गया है, ताकि अनुभव और क्षेत्रीय समीकरणों के आधार पर संतुलित कमेटियों का निर्माण हो सके।
प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर नियुक्त प्रभारी इस पूरी प्रक्रिया की मॉनिटरिंग करेंगे और प्रगति की रिपोर्ट समय-समय पर प्रदेश नेतृत्व को देंगे। 31 जुलाई तक सभी अनुसूचित मंडल कमेटियों के गठन की अंतिम तारीख तय की गई है।
सामाजिक समावेश और युवा प्रतिनिधित्व पर जोर
प्रदेश कांग्रेस द्वारा जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि उदयपुर नवसंकल्प शिविर में पारित प्रस्तावों के अनुसार, मंडल और सेक्टर कमेटियों में अनुसूचित जाति, जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक और महिला वर्ग को न्यायोचित प्रतिनिधित्व देना अनिवार्य होगा। साथ ही हर कमेटी में 50 वर्ष से अधिक और 50 वर्ष से कम आयु के दो सदस्यों को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाएगा।
देखें आदेश की कॉपी




