छत्तीसगढ़ विधानसभा मानसून सत्र का अंतिम दिन आज, सदन में गूंजेंगे जनता से जुड़े अहम मुद्दे
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र का आज पांचवां और अंतिम दिन है। सत्र का समापन महत्वपूर्ण चर्चाओं और जनहित के मुद्दों के साथ होने जा रहा है। प्रश्नकाल में आज मंत्री दयालदास बघेल और लक्ष्मी राजवाड़े विधायकों के सवालों का जवाब देंगे। वहीं मंत्री ओपी चौधरी, केदार कश्यप और रामविचार नेताम विभिन्न पत्रों को सदन के पटल पर रखेंगे।
109 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए जाएंगे:
सदन में आज कुल 109 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लगाए जाएंगे, जिनमें कई ज्वलंत और जमीनी मुद्दों को उठाया जाएगा। विधायक राजेश मूणत ‘बोरे-बासी’ वितरण में अनियमितता का मामला सदन में उठाएंगे, जबकि वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर और धर्मजीत सिंह रासायनिक उर्वरकों की आपूर्ति और किसानों को हो रही समस्याओं को लेकर सरकार से जवाब मांगेंगे।
दो अशासकीय संकल्प भी प्रस्तुत किए जाएंगे:
इसके साथ ही तेंदूपत्ता संग्रहण, ग्रामीण विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि से जुड़े कई विषयों पर भी ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के ज़रिए चर्चा होगी। आज सदन में दो अशासकीय संकल्प भी प्रस्तुत किए जाएंगे। ये संकल्प विधायक अंबिका मरकाम और अजय चंद्राकर की ओर से लाए जाएंगे, जिनमें जनहित से जुड़ी नीतियों और सरकार के क्रियान्वयन की समीक्षा की मांग की जाएगी।
